‘बात सीट की नहीं, जीत की है’, अखिलेश यादव ने 26 सीटों का ऑफर देकर कांग्रेस को क्या-क्या समझा दिया

‘बात सीट की नहीं, जीत की है’, अखिलेश यादव ने 26 सीटों का ऑफर देकर कांग्रेस को क्या-क्या समझा दिया

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और उत्तर प्रदेश में सीट समायोजन को लेकर बड़ा स्टेटमेंट दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार एक ऐतिहासिक मौका है, जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर सांप्रदायिक BJP और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर भारत को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं।

जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने अपने X पोस्ट में लिखा, ‘हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझ कर गंभीर विचार-विमर्श करें, जिससे अधिकांश सीटों पर अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें, उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।’

आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आंकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं, जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है: अखिलेश यादव

सभी सीटों पर ‘इंडिया’ ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में हो बात

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारा प्रयास तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश करें।

पीडीए ही एनडीए को हराकर लाएगा परिवर्तन

अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, ‘जिस तरह लोकसभा में आपके संगठन ने पीडीए के साथ पूरी तरह सहयोग किया, वो सदैव सराहनीय रहेगा, क्योंकि उसने ही मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी। अब इस बार भी हम लोग मिलकर उत्तर प्रदेश में और फिर केंद्र में भी बीजेपी को हराएंगे। जमीनी सर्वे से ये बात साफ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गांव तक ये बात पहुंच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के पीड़ित, दुखी, अपमानित बीजेपी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं, क्योंकि उन सबको ये भरोसा है कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा और पीडीए ही परिवर्तन लाएगा।’

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया जोरदार झटका

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर जारी मंथन के बीच अखिलेश यादव ने कांग्रेस को जोरदार झटका दिया है। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अखिलेश यादव ने सहारनपुर की बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। शामली की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया।

किस आधार पर तय हो रही सीट शेयरिंग?

सहारनपुर की उन दो सीटों के पिछले चुनाव के नतीजों पर एक नजर डालें, तो समझ आ जाएगा कि अखिलेश यादव ने इन दो सीटों पर क्यों अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पहली सीट सहारनपुर ग्रामीण है, यहां से एसपी ने अपने मौजूदा विधायक आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। 2022 में आशु मलिक को 1 लाख 7 हजार वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस यहां महज 1 हजार 217 वोट हासिल कर पाई थी और 6वें नंबर पर रही थी।

एसपी ने उमर अली खान को मैदान में क्यों उतारा?

वहीं, दूसरी सीट सहारनपुर की बेहट सीट है, यहां एसपी ने उमर अली खान को मैदान में उतारा है। उमर यहां से मौजूदा विधायक हैं। 2022 में उमर अली को यहां 1 लाख 34 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार पूनम कंबोज को महज 1 हजार 632 वोट मिले थे। पार्टी यहां भी चौथे नंबर पर रही थी यानी इन दोनों ही सीटों पर समाजवादी पार्टी का दावा ज्यादा मजबूत है।

कांग्रेस की 2 लिस्ट की बात भी सामने आई

इससे पहले मंगलवार को दिन में कांग्रेस और एसपी नेताओं की सवा तीन घंटे तक बैठक हुई थी। बैठक से पहले एसपी महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीट देने की बात कहकर खलबली मचा दी लेकिन सूत्रों की मानें तो बैठक में कांग्रेस ने दो लिस्ट समाजवादी पार्टी के सामने रखी हैं। अखिलेश यादव के इस फैसले से सबसे बड़ा झटका इमरान मसूद को लगा है क्योंकि इमरान मसूद ने सहारनपुर की सभी सीटों पर दावा किया था। लेकिन समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर की दो सीटों पर भी उम्मीदवार उतार दिए हैं। एसपी के उम्मीदवार उतारे जाने के बाद यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद नाराज हो गए।

Leave a Reply