‘मोदी का नाम सुनते ही कांग्रेस ऐसे भड़कती है, जैसे बैल को लाल कपड़ा दिखा दिया हो’, शिवराज सिंह चौहान का तीखा हमला

‘मोदी का नाम सुनते ही कांग्रेस ऐसे भड़कती है, जैसे बैल को लाल कपड़ा दिखा दिया हो’, शिवराज सिंह चौहान का तीखा हमला

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि मोदी विरोध में पार्टी सारी मर्यादाएं पार कर चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी जी का नाम सुनते ही कांग्रेस ऐसे भड़क उठती है, जैसे बैल को लाल कपड़ा दिखा दिया गया हो।

मोदी विरोध में कांग्रेस ने खो दी सोचने-समझने की क्षमता: शिवराज

मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में इस कदर अंधी हो चुकी है कि उसने सोचने, समझने और सुनने की क्षमता तक खो दी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है और उसकी समझ शून्य हो चुकी है। पार्टी भय और हताशा की शिकार है। शिवराज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस की भाषा और उसका राजनीतिक व्यवहार उसके पतन की पराकाष्ठा को दर्शाता है।

दिवाली पर कारोबार और खरीदारी का भी किया जिक्र

केंद्रीय कृषि मंत्री ने दिवाली के दौरान बाजारों में होने वाले कारोबार और खरीदारी का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को न देश की चिंता है, न देशवासियों की और न ही देश की अर्थव्यवस्था की। पार्टी को केवल अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करने से मतलब है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि व्यापारी चाहते हैं कि उन्हें शांतिपूर्वक कारोबार करने दिया जाए। लोग बाजारों में खरीदारी करें और त्योहार की खुशियां मनाएं, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक जिद पूरी करने में लगी हुई है।

‘कांग्रेस के पतन के ताबूत में आखिरी कील’

खरगे की टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह उसके राजनीतिक पतन के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों को विवादों में घसीटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीति में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

आखिर मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा था?

दरअसल, पूरा विवाद बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम से शुरू हुआ। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे।

इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित तौर पर कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

बीजेपी नेताओं ने खरगे की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा है। इसी क्रम में शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की कड़ी आलोचना की है।

Leave a Reply