बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बेटी समेत सपा में शामिल, अखिलेश यादव बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही हार जाएगी भाजपा

बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बेटी समेत सपा में शामिल, अखिलेश यादव बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही हार जाएगी भाजपा
समाजवादी पार्टी (एसपी) के प्रमुख अखिलेश यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना सियासी कुनबा बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार (27 अक्टूबर) को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अपनी बेटी कीर्ति कश्यप के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके अलावा बसपा के पूर्व प्रत्याशी आबिद अली, फनीउद्दीन, रंजीत गिरी गोस्वामी, संतोष तिवारी, प्रमोद विश्वकर्मा और आनंद साहू समेत कई अन्य नेताओं ने भी सपा का दामन थामा।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी और प्रदेश में सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई ताकत मिलेगी।

चुनाव की तारीख घोषित होते ही बीजेपी हार जाएगी: अखिलेश

नए नेताओं के पार्टी में शामिल होने के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव लड़ने और वोट हासिल करने का तरीका बदल दिया है। अब चुनाव में प्रशासनिक मशीनरी और सरकारी बजट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को ऐसी ‘प्रीपेड पार्टियों’ से सावधान रहना होगा, जिनका ओटीपी कहीं और से आता है।

अखिलेश ने मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब केवल सोशल मीडिया हैंडल ही नहीं, बल्कि माइक और लाउडस्पीकर भी एक ही दल के हो गए हैं। कुछ लोग किसी और का प्रतिनिधि बनकर सामने आते हैं, लेकिन उनका संचालन कहीं और से होता है।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि देश, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव होगा।

SIR पर उठाए सवाल, मतदान में बायोमेट्रिक व्यवस्था की मांग

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया की आड़ में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। सपा अध्यक्ष ने सरकार और चुनाव आयोग से अपील की कि जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां मतदाता सूची पूरी तरह सही और पारदर्शी होनी चाहिए।

उन्होंने मतदान में बायोमेट्रिक तकनीक के इस्तेमाल का सुझाव देते हुए कहा कि जब आधार कार्ड बनाया जा सकता है और सरकारी योजनाओं में बायोमेट्रिक सत्यापन हो रहा है, तो मतदान में इस तकनीक का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा सकता?

अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब शिक्षकों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज कराई जा रही है, तो मतदाताओं का सत्यापन भी इसी व्यवस्था के जरिए क्यों नहीं कराया जा सकता?

धर्मेंद्र कश्यप बोले- कश्यप और मछुआ समाज के बीच जाकर सपा को करेंगे मजबूत

समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि अखिलेश यादव सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति और न्याय नहीं मिलने से जनता बीजेपी सरकार से परेशान है।

धर्मेंद्र कश्यप ने दावा किया कि प्रदेश में कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार का बुलडोजर अपने समाज के लोगों पर नहीं चलता।

पूर्व सांसद ने कहा कि वह कश्यप और मछुआ समाज के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

शिवपाल यादव का दावा- 2027 में PDA मिलकर करेगा बीजेपी का सफाया

सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप वर्ष 2003 से उनके साथ रहे हैं और दोनों पहले भी मिलकर काम कर चुके हैं। उन्होंने धर्मेंद्र कश्यप को अपना विश्वासपात्र बताया।

शिवपाल यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई, कथित फर्जी एनकाउंटर और अन्याय से लोग परेशान हैं। छोटे व्यापारियों को भी परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने सरकार पर बजट में लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खनन समेत अन्य मामलों की जांच कराई जाएगी। शिवपाल ने दावा किया कि 2027 में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के लोग एकजुट होकर बीजेपी का सफाया करेंगे।

आंवला में बदलेगा सियासी समीकरण? नीरज मौर्य ने बताया बड़ा संदेश

आंवला लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद नीरज मौर्य ने धर्मेंद्र कश्यप और आबिद अली के सपा में शामिल होने को क्षेत्र की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में आंवला सीट पर तीनों नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों से मैदान में थे। धर्मेंद्र कश्यप बीजेपी से, आबिद अली बसपा से और वह स्वयं समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ रहे थे। अब तीनों नेताओं का एक ही मंच पर आना आंवला की राजनीति में बड़ा संदेश देगा।

नीरज मौर्य ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई समाजवादी पार्टी में ही आगे बढ़ सकती है। पार्टी प्रदेश में बदलाव का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।

धर्मेंद्र कश्यप और अन्य नेताओं के सपा में शामिल होने को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड क्षेत्र में पार्टी का सामाजिक एवं राजनीतिक आधार बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply