अब शराब की तस्करी करने वालों की खैर नहीं
सहारनपुर। आबकारी विभाग द्वारा शराब की तस्करी के खिलाफ चैकिंग अभियान जारी है। आबकारी विभाग एक बार फिर सरसावा चेक पोस्ट पर सक्रिय हो गया है ताकि हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ से अवैध रूप से तस्करी कर लाई जाने वाली अवैध शराब की तस्करी पर रोक लग सके।
गौरतलब है कि आबकारी विभाग को सूत्रों से सूचना मिल रही है कि अन्य राज्यों से अवैध शराब की तस्करी की जा सकती है। इसलिए आबकारी आयुक्त डॉ आदर्श सिंह ने विभागीय अधिकारियों को बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि हरियाणा व चंडीगढ़ की सीमाओं से लगी चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी रहनी चाहिए। इसी के चलते आज निगरानी की कमान स्वयं संभालते हुए प्रवर्तन टीम के सहायक आबकारी आयुक्त अवधेश कुमार वर्मा, आबकारी निरीक्षक रंजीत ने सरसावा चेक पोस्ट पर चंडीगढ़-हरियाणा से आने वाले वाहनों खासतौर पर ट्रकों की चैकिंग की गई ताकि हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब की शराब उत्तर प्रदेश में दाखिल ना हो पाए।
उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि सहारनपुर मंडल समस्त चेक पोस्ट जिनकी सीमाएं हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब राज्यों से मिलती है, वहां पर 24 घंटे आबकारी विभाग की टीम नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सहारनपुर मंडल के शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर जनपद चंडीगढ़, पंजाब हरियाणा की सीमाओं पर लगे चेक पोस्टों पर लगातार 24 घंटे आबकारी विभाग की टीम चेकिंग अभियान करती रहेगी। उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी चेक पोस्ट पर विभागीय अधिकारी अनुपस्थित पाए अथवा लापरवाही करते पाए गए तो उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उधर नकुड के आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार भी सर्किल नकुड़ से लगी हरियाणा की सीमा पर लगातार अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे हैं।
