‘अब केवल अंतहीन इंतजार’ पश्चिम बंगाल में BJP, तमिलनाडु में TVK की जीत पर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर कसा तंज

‘अब केवल अंतहीन इंतजार’ पश्चिम बंगाल में BJP, तमिलनाडु में TVK की जीत पर केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर कसा तंज

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के रुझानों में क्रमशः भारतीय जनता पार्टी और टीवीके के आगे बढ़ने पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तंज कसा है.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव का नाम लेते हुए केशव ने दावा किया कि अब केवल इंतजार बचा है.

भारतीय जनता पार्टी के नेता ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है. उनके तमिलनाडु वाले ‘भैया’  एम. के. स्टालिन और बंगाल की ‘दीदी’  ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का नाम लिखते हुए केशव ने लिखा कि उनके ‘भैया’  राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं, और हाल ही में बिहार में  तेजस्वी यादव भी ‘चारों खाने चित्त’ हो चुके हैं.

केशव ने इस दौरान 2027 में प्रस्तावित चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता के सपने’ देखना छोड़ देना चाहिए. सच यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल ‘अंतहीन इंतज़ार’ ही लिखा है.

बीजेपी ने मनाया जश्न

उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बढ़त बनाने के बीच पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में उसके प्रदेश मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीरें लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में तथा सत्तारूढ़ तृणमूल के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और राहगीरों को भी मिठाइयां बांटीं.

भाजपा कार्यकर्ता अंकित जायसवाल ने कहा, ‘‘नतीजे घोषित होने के बाद हम और बड़े स्तर पर जश्न मनाएंगे तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाएंगे.’’निर्वाचन आयोग के अनुसार, रुझानों के अनुसार भाजपा 170 सीट पर आगे है जबकि तृणमूल को 90 सीटों पर बढ़त मिली है.

Leave a Reply