रांची : विपक्षी एकता के मिशन पर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ शाम करीब पांच बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर कार्यक्रम के बाद दोनों मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। आवास पहुंचने पर हेमंत सोरेन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

इस मुलाकात के दौरान तीनों नेताओं के बीच 2024 में होने वाले आम चुनाव के लिए विपक्षी एकजुटता को जनता के सामने प्रदर्शित करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

एकजुट होकर लड़ेगा विपक्ष, परिणाम देखेगा पूरा देशः नीतीश कुमार

इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव विपक्ष एकजुट होकर लड़ेगा और परिणाम पूरा देश देखेगा। हम सबसे मुलाकात कर विपक्षी एकता के लिए आमंत्रण दे रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार की ओर इशारा करते हुए नीतीश ने कहा कि आज देश का इतिहास बदलने की कोशिश की जा रही है। मीडिया पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है

हमारे अभिभावक हैं नीतीश कुमार

इस मौके पर हेमंत सोरेन ने विपक्षी एकता के मुद्दे पर कहा कि नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं। हम इनके मार्गदर्शन में काम करने के लिए तैयार हैं।

मिशन विपक्षी एकता पर निकले हैं नीतीश कुमार

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता के मिशन पर निकले हुए हैं ताकि 2024 के आम चुनावों में केंद्र की मोदी सरकार को चुनौती दी जा सके। इस मिशन को लेकर वे विभिन्न राज्यों का दौरा कर गैर एनडीए नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

रांची एयरपोर्ट से बाहर निकलते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव

इन नेताओं से कर चुके हैं मुलाकात

हाल ही में उन्होंने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और नवीन पटनायक से मुलाकात की है। रांची में मुख्यमंत्री हेमंत से मुलाकात के बाद आज ही वे पटना वापस चले जाएंगे। इसके बाद उनके विपक्षी एकता मिशन का अगला पड़ाव मुंबई होगा। मुंबई में वे उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मुलाकात करेंगे।