ट्विशा डेथ केस: रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए मां-बेटे
भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मंगलवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आरोपी पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने इस दौरान दोनों आरोपियों की आगे की रिमांड की मांग नहीं की। पांच दिन की पूछताछ पूरी होने के बाद एजेंसी ने उन्हें अदालत में प्रस्तुत किया था। सुनवाई के बाद विशेष सीबीआई अदालत ने दोनों को 16 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
भोपाल केंद्रीय जेल में रहेंगे दोनों आरोपी
अदालती आदेश के तहत समर्थ सिंह और उनकी मां, सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को भोपाल केंद्रीय जेल भेजा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, मां-बेटे को जेल में अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था के तहत विशेष निगरानी में रखा जाएगा।
सुसाइड सीन का किया गया पुनर्निर्माण
इससे पहले सोमवार को सीबीआई की टीम भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ट्विशा शर्मा के ससुराल पहुंची थी। जांच एजेंसी ने घटनास्थल पर कथित आत्महत्या की परिस्थितियों को समझने के लिए घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (सीन रिक्रिएशन) किया।
सीबीआई टीम अपने साथ एक डमी (पुतला) भी लेकर पहुंची थी, जिसकी मदद से घटनास्थल पर उस दिन की परिस्थितियों को दोबारा समझने का प्रयास किया गया। इस दौरान समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को भी मौके पर ले जाया गया।
पूछताछ में सामने आई अहम जानकारियां
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था। वहीं गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर फंदे की गांठ खोलने की बात स्वीकार की है। जांच एजेंसी इन बयानों का अन्य साक्ष्यों और घटनास्थल से जुटाई गई जानकारी के साथ मिलान कर रही है।
सीबीआई फिलहाल मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, बयानों तथा फॉरेंसिक रिपोर्टों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
