दिल्ली में घर के भीतर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या, बीते 24 घंटे में 5 लोगों की मौत से दहली राजधानी
राजधानी दिल्ली अपराध के वारदातों से दहर उठी है। बीते 24 घंटे में दिल्ली में 5 लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। अब दिल्ली के गोविंदपुरी में एक घर के अंदर मां-बेटे की हत्या हो गई है। इस खबर के बाहर आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका है कि बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर 38 साल की शारदा और उनके 13 साल के बेटे का मर्डर किया है। दोनों के ऊपर घर के अंदर घुसकर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है।
नकदी और सोने-चांदी के जेवर गायब
जानकारी के अनुसार, परिवार का मुखिया कल रात जब अपनी दुकान से लौटा तो उसने किचन में अपनी पत्नी और बेटे को खून में लथपथ देखा। उसने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कई टीमें बनाकर हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, घर से 10 से 12 लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवर गायब हैं।
सामने आई जानकारी के अनुसार, ये परिवार दक्षिणी-पूर्वी जिले के गोविंदपुरी इलाके की गली नंबर-10 में रहता है। मृतक महिला का पति सब्जी व्यापारी है। साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता है। परिवार मूलरूप से यूपी के बदायूं के रहने वाला है और पिछले 15 साल से दिल्ली की गोविंदपुरी इलाके में रह रहे थे।
रोहिणी और इंद्रपुरी में भी वारदात
हत्या की दूसरी वारदात रोहिणी से सामने आई है। जहां पुरानी रंजिश में दो नाबालिगों की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिग एक परिवार से बदला लेने पहुंचे थे लेकिन वहां हालात ऐसे बने कि दूसरे पक्ष के ही एक नाबालिग ने दोनों की हत्या कर दी। दिल्ली में तीसरी बड़ी वारदात इंद्रपुरी में हुई जहां एक महिला की छत से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई। बात में परिजनों ने की शिकायत पर पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार किया। परिवार का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने मार डाला।
