‘मोदी जाने वाले हैं’, राहुल गांधी के बयान पर अखिलेश यादव बोले, ‘यूपी में समाजवादी सरकार बनते ही दिल्ली…’

‘मोदी जाने वाले हैं’, राहुल गांधी के बयान पर अखिलेश यादव बोले, ‘यूपी में समाजवादी सरकार बनते ही दिल्ली…’

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार (26 मई) को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही दिल्ली गिर जाएगी. उनका इशारा केंद्र सरकार की तरफ था. अखिलेश यादव का ये जवाब सुनकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पार्टी के नेताओं ने खूब तालियां बजाईं. सपा चीफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई मुद्दों पर बात की. दरअसल, सोमवार (25 मई) को कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि एक साल में पीएम नरेंद्र मोदी जाने वाले हैं. राहुल गांधी के इसी बयान पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी.

यूपी सरकार जाति-धर्म देखकर एनकाउंटर कराती है- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने फेक एनकाउंटर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि आंकड़े बताते हैं कि सरकार सब कुछ छिपानी चाहती है. उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले सरकार, नहीं गुनहगार हैं. जिस एनकाउंटर में हो मर्जी समझो वो है फर्जी. यूपी सरकार जाति-धर्म देखकर एनकाउंटर कराती है. इससे सामाजिक सौहार्द खराब होता है. सपा चीफ ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर से लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ता है. फर्जी एनकाउंटर के माध्यम से मेंटल सॉफ्टवेयर को सेट किया जाता है. मानस में हिंसा को भरा जाता है. हत्या को जायज ठहराया जाता है.

 

सपा चीफ ने कहा, “धाक जमाने के लिए यूपी में एनकाउंटर किए जा रहे हैं. एनकाउंटर के बहाने पीडीए को डराकर उसका हक मारना चाहते हैं. सरकारी स्तर पर एक अपराध तंत्र खड़ा कर दिया है. फर्जी एनकाउंटर के पुलिस वालों के परिवार वाले कुंठा में जीवन बिता देते हैं। इन पुलिसवालों को सोचना चाहिए कि सरकार उन्हें पुलिस से अपराधी बना देती है.”

बिजली कटौती के मुद्दे पर क्या बोले सपा चीफ?

बिजली कटौती से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, “बबूल का पेड़ लगाए हो तो मिलेगा क्या. सबसे ज्यादा बिजली का कारखाना किसने लगाया. सीएम साहब एक बार बिजली के कारखाने का नाम लें लें तो उससे भी राहत मिल जाए.

इसके साथ ही उन्होंने कहा, “रुपया पाताल लोक में क्यों जा रहा है? हम तो इतना समझ रहे हैं कि जितना डॉलर ऊपर जाएगा, उतनी चाय महंगी होती जाएगी। डबल इंजन का धुआं निकल गया है, यही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है. जब से बीजेपी की सरकार आई तो पेट्रोल डीजल की खबर मिलने लगी है.”

बीजेपी ने अखिलेश यादव पर किया पलटवार

फर्जी एनकाउंट वाले आरोपों पर अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, “अखिलेश यादव को सम्भवतः पता नहीं है कि जब भी कोई एनकाउंटर होता है तो उसकी न्यायिक जांच भी होती है. वह सिर्फ राजनीति के लिए इस तरीके से बयान दे रहे हैं.”