‘खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज…’, बकरीद से पहले मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की बड़ी सलाह
उत्तर प्रदेश के बरेली में बकरीद को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात (AIMJ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक वीडियो जारी किया है. मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने इसमें खुली जगह पर कुर्बानी न करने , घर या स्लॉटर हाउस का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर कुर्बानी के फोटो-वीडियो पोस्ट न करने की भी सलाह दी है.
AIMJ राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा, “28 मई को बकरीद है और कुर्बानी का दिन है इसलिए मैं कुछ जरूरी बातें कहना चाहता हूं. पहली बात यह है कि लोग नमाज अदा करें, लेकिन सड़क और चौराहों पर नमाज पढ़ने से बचें. शरीयत ने इसकी व्यवस्था यह की है कि किसी मस्जिद में या ईदगाह में जगह तंग है और नमाज करने वाले ज्यादा हैं, तो एक इमाम पहली जमात पढ़ा दे, फिर दूसरा इमाम दूसरी जो नमाज पढ़ा दे . ज्यादा लोग हैं तो इमाम बदलकर दो तीन चार जमाते हैं उसमें नमाज कर सकते हैं. इससे सड़क और चौराहे पर नमाज पढ़ने से जिन्हें आपत्ति है वो भी दूर हो जाएगी.”
मस्जिद में पढ़ें नमाज
मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन ने आगे कहा, “बंदे के दरमियान और खुदा के दरमियान नमाज के वक्त जो है उसके आसपास कोई शोर शराबा नहीं होना चाहिए, इसलिए मस्जिद में नमाज पढ़ें सारी समस्या खत्म हो जाएगी. दूसरी बात ये है कि कुर्बानी के वक्त बहुत एहतियात करने की जरूरत है. कुर्बानी का जानवर खुली जगह पर ना रखें और ना ही उसकी खुली जगह पर कुर्बानी करें. कुर्बानी करते वक्त जगह को ढक लें या अपने घर में करें या बूचड़खाने में करें.”
कुर्बानी की फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर डालने से बचने की दी सलाह
मौलाना ने आगे कहा, “दूसरी बात ये है कि जब कुर्बानी दें तो एक छोटा सा गड्ढा खोद लें और उसमें जानवर के जो अवशेष हैं, उसे दफन कर दें. इस बात का भी ध्यान रखें, अपने बच्चों से परिवार के लोगों और नौजवानों से कहें कि कुर्बानी के फोटो और वीडियो ना बनाएं और उसको सोशल मीडिया पर ना डालें. इसके साथ ही मैं ये भी अपील करूंगा तमाम मुसलमान से कि प्रतिबंधित पशु, जैसे गाय वगैरह इनकी कुर्बानी ना दें. भारत में बहुत सारे ऐसे धर्म के लोग हैं जो गाय में आस्था रखते हैं तो उनकी आस्था को ठेस ना पहुंचाएं, उनकी भावनाओं को ठेस ना पहुंचाएं इसलिए प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी ना दें.
