‘गरीब-गुरबा की पीठ पर यादवों की लाठी के निशान…’, अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की सीधी चुनौती
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि यादव समाज के लोग पहले मुगलों की सेना में भर्ती होकर गैर-यादव पिछड़ों को मारते थे.
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर लिखा-“अखिलेश जी गैर-यादव ओबीसी समाज को उनका हक आखिर कब मिलेगा? वोट हमारा, राज तुम्हारा! तुम हमसे दंगे करवाओ, हमें लोगों से लड़वाओ और ओबीसी समाज का नारा दो. इतिहास में तुम्हारा कहीं कोई नाम नहीं मिलता. किसी विदेशी से संघर्ष नहीं किया. पहले मुगलों की सेना में सिपाही बनकर हमें मारते थे. अंग्रेजों की सेना में उनका सिपाही बनकर मारते थे. अब हमें एक दूसरे से लड़ाकर मूर्ख बनाकर राजनीतिक रूप से मारते हो. हमारा इतिहास महाराजा सुहेलदेव राजभर, रानी अवंती बाई लोधी का इतिहास है. हम अपना राजनीतिक अधिकार लेते रहेंगे. गरीब-गुरबा की पीठ पर यादवों की लाठी के निशान हैं. अखिलेश की सत्ता के लिए हम दरी नहीं बिछाएंगे, जय महाराजा सुहेलदेव राजभर, जय सुभासपा, जय ओबीसी.”
बता दें कि ओम प्रकाश राजभर केवल सोशल मीडिया पर ही नहीं विधानसभा में सपा पर जमकर बरसे हैं. गुरुवार (30 अप्रैल) को यूपी विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान भी सुभासपा प्रमुख का रौद्र रूप देखने को मिला था. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर ओबीसी और मुसलमानों को धोखा देने का आरोप लगाया था. ओम प्रकाश राजभर ने गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक युवती की मौत के मामले पर बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव एक बेटी की मौत पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब यादव समाज के लोग ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, तब अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने नहीं जाते.
