विपक्षों को एकजुट करने में जुटे केजरीवाल, केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आप को मिला सपा का साथ

विपक्षों को एकजुट करने में जुटे केजरीवाल, केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आप को मिला सपा का साथ

लखनऊ: केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटे दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले। अखिलेश से इस मसले पर उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक विपक्षी एकता व आगे लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बातचीत हुई। बंद कमरे में रणनीति बनाने के बाद दोनों नेता मीडिया से मुखातिब हुए। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।

पत्रकारों से बातचीत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी एकता जरूरी है। दिल्ली में वर्ष 2015 में फरवरी में आप की सरकार बनी और तीन महीने बाद ही केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर दिल्ली सरकार से ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार छीन लिया। फिर भी हमने काम किया और कोर्ट में कानूनी लड़ाई भी लड़ी। दोबारा फिर दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप 70 में से 62 सीटें जीतकर आई।

केजरीवाल ने कहा कि आठ वर्षों के संघर्ष के बाद बीते 11 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने दिल्ली सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार देने का फैसला सुनाया। मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा से रहा नहीं गया और सिर्फ आठ दिनों में अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को 19 मई को बदल दिया। 19 मई को शाम पांच बजे के बाद कोर्ट बंद हुई और ग्रीष्मकालीन अवकाश हो गया। फिर इसी दिन रात 10 बजे अध्यादेश लाकर आदेश को पलट दिया गया। हम कोर्ट से स्टे लाएंगे लेकिन एक महीना लगेगा।

केजरीवाल ने कहा,

राज्यसभा में भाजपा का बहुमत नहीं है। ऐसे में मैं गैर भाजपा दलों से यह अपील करने निकला हूं कि वह इस मुद्दे पर हमें समर्थन देकर इस अध्यादेश को गिरा दें। अगर ऐसा हुआ तो यह वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल होगा। जनता के बीच मजबूत संदेश जाएगा कि अब भाजपा की सरकार नहीं बनने वाली।

समर्थन के लिए जताया अखिलेश का आभार

उन्होंने समर्थन देने के लिए अखिलेश यादव का आभार जताया। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी व आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले केजरीवाल व भगवंत मान का चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर आप के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह व कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

राजभवन बन गए हैं भाजपा के हेडक्वार्टर: भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों में राजभवन भाजपा के हेड क्वार्टर बन चुके हैं और राज्यपाल उनके स्टार प्रचारक। राज्यपाल को केंद्र सरकार के सख्त निर्देश हैं कि वह राज्य सरकार को परेशान करें। वह चुनी हुई सरकार को गिराकर उप चुनाव में जीतने की कोशिश करते हैं। पंजाब में भी राज्यपाल यही कर रहे हैं। पहले उन्होंने बजट सत्र बुलाने से मना किया। कोर्ट का सहारा लिया गया फिर कहा कि मैं बजट भाषण में मेरी सरकार है यह शब्द नहीं पढूंगा। दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा तब वह माने। उन्होंने अमेरिका में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता द्वारा भारत में जीवंत लोकतंत्र है और उसे वहां जाकर देखा जा सकता है, इस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार यहां अपने किसी नुमाइंदे को भेजे तो पता चलेगा कहां लोकतंत्र है।

आप के अच्छे काम से घबरा गई है भाजपा: अखिलेश यादव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आप सरकार के शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे अच्छे कार्यों से भाजपा घबरा गई है। यह उसे रास नहीं आ रहा। उसे डर है कि कहीं दिल्ली में सभी सात लोकसभा सीटें उसके हाथ से न फिसल जाए। उन्होंने कहा कि यह अध्यादेश लोकतंत्र विरोधी है। सपा लोकतंत्र विरोधी काम के हमेशा खिलाफ रही है। ऐसे में इस मुद्दे पर आप को पूरा समर्थन देंगे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे