जजों, वकीलों और पुलिस कर्मियों ने भी की स्वगणना
- सहारनपुर में जिला जज सतेंद्र कुमार स्वयं तथा अन्य न्यायिक अधिकारियों को डिजीटल स्व-गणना कराते हुए।
सहारनपुर। नगर निगम अधिकारियों ने स्व-गणना कार्यक्रम को गति देते हुए जिला जज सतेंद्र कुमार सहित अनेक न्यायिक अधिकारियों, सिविल बार में अधिवक्ताओं और पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को आज स्व-गणना करायी। इसके अलावा निगम के सहायक आयुक्त जेपी यादव ने भी अपने मोबाइल से स्व-गणना करते हुए अन्य अधिकारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के लिए गत सात मई से डिजीटल स्व-गणना का कार्य कराया जा रहा है, जो 21 मई तक चलेगा।
सिविल कोर्ट में न्यायिक अधिकारियों ने भी स्व-गणना के प्रति अभिरुचि दिखाते हुए डिजीटल स्व-गणना की। जिला जज सतेंद्र कुमार का स्व-गणना कार्य में बहुत सहयोग रहा। उन्होंने स्वयं भी अपने मोबाइल से स्व-गणना की। बाद में निगम के कर निर्धारण अधिकारी व जोन दो के सह प्रभारी सुधीर शर्मा ने सिविल बार एसोसियेशन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में अन्य अधिवक्ताओं को भी डिजीटल स्व-गणना करायी। सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति निर्भीक होकर डिजीटल स्व-गणना कर सकता है। सभी का डाटा सुरक्षित रहेगा और किसी से न तो साझा किया जायेगा और न उसे किसी के द्वारा चुराया जा सकता है।
इसी कड़ी में जोन तीन के प्रभारी व सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के नेतृत्व में आज पुलिस लाइन में भी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को डिजीटल स्व-गणना नगर निगम की टीम द्वारा करायी गयी। सहायक नगरायुक्त जे पी यादव ने स्वयं भी अपने मोबाइल से अपनी स्व-गणना कर निगम के अन्य कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया।
