‘अच्छा होता गलती की माफी मांग लेते..’, अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर कसा तंज, आगे के लिए दी सलाह
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में ‘तुम मुझे खून दो..’ नारे को लेकर की गलती को अपनी दूरी रैली में सुधार लिया लेकिन, पिछली गलती पर खेद नहीं जताया. जिस पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा हमला किया है. उन्होंने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छा होता वो अपनी पिछली गलती के लिए माफी मांग लेते.
सीएम योगी पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सीएम योगी के बयान को अपने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पोस्ट किया और लिखा- ‘ज्ञान’ से बड़ी चीज़ ‘ध्यान’ होती है और ‘ध्यान’ मतलब ‘फ़ोकस’ क्यों डिस्टर्ब था, इस पर ‘ध्यान’ देने और सुधारने की ज़रूरत है. अच्छा होता अपनी पिछली गलती के लिए ये सोचकर माफ़ी भी माँग ली होती, क्षमा वीरस्य भूषणम्!’
कम से कम अपनी पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए, भविष्य में ऐसी गलती न हो इसका ‘ध्यान’ रखिएगा, पूरी दुनिया में इससे आपके प्रायोजित प्रचार की कलई भी खुल गयी है और उप्र की छवि भी धूमिल हुई है. उप्र के हित में जारी!’
सीएम योगी ने रैली में दिया था बयान
दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान पुरुलिया में हुई एक रैली में नेताजी सुभाष चंद्र के आजादी के आंदोलन में दिए नारे को स्वामी विवेकानंद का दिया नारा बता दिया था. उन्होंने कहा कि जब हम बंगाल की बात करते हैं तो स्वामी विवेकानंद इसी धरती ने दिए. उन्होंने कहा कि ‘तुम मुझे ख़ून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा..’
सीएम योगी इस बयान के बाद बंगाल में विपक्षी दलों ने उन पर तीखे हमले किए और इसे नेताजी सुभाषचंद्र बोस का अपमान बताया था. विवाद बढ़ने के बाद सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल के जोड़ासांको की रैली में अपनी भूल सुधार ली थी. इस रैली में उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का ही नाम लिया लेकिन पिछली गलती के लिए माफी नहीं मांगी थी.
