‘महंगाई मानव मोदी की फिर से स्ट्राइक’, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर राहुल ने साधा निशाना

‘महंगाई मानव मोदी की फिर से स्ट्राइक’, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर राहुल ने साधा निशाना

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को ईंधन की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी करके वह उपभोक्ताओं पर बोझ डाल रही है।

एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें “महंगाई मानव मोदी” कहा और आरोप लगाया कि जनता के गुस्से को कम करने के लिए ईंधन की कीमतें किस्तों में बढ़ाई जा रही हैं।

‘चुपके-चुपके जेब काट रही सरकार’

राहुल ने हमला करते हुए लिखा, “महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं – ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल ₹8 महंगा कर दिया।”

‘चुनाव में वादे और चुनाव के बाद जेब पर वार’

उन्होंने आगे प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वे चुनावी अभियानों के दौरान वादे करते हैं, जबकि बाद में नागरिकों पर आर्थिक बोझ डाल देते हैं। उन्होंने आगे कहा, “और, ये बढ़त होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है चुनाव में वादे और बाकी समय जनता की जेब पर वार।”

चौथी बार बढ़ाई गईं कीमतें

राहुल ने सरकार पर ये तंज तब कसा है जब वैश्विक कच्चे तेल के बाजारों में लगातार उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दो हफ्तों से भी कम समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतें चौथी बार बढ़ाई गईं।

सोमवार के बदलाव के साथ दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 2.61 रुपये बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गईं, जबकि डीजल 2.71 रुपये बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया। यह ताजा बढ़ोतरी 15 मई को 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद हुई है।

इसके बाद 19 मई को 90 पैसे की बढ़ोतरी हुई और फिर 23 मई को एक और बढ़ोतरी हुई, जब पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे महंगा हो गया। कुल मिलाकर दो हफ्तों से भी कम समय में ईंधन की कीमतें 7 रुपये से ज्यादा बढ़ गई हैं।

Leave a Reply