‘कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए मुलायम सिंह जिम्मेदार थे तो…’ चढ़ावा चोरी के बीच क्यों भड़के कीर्ति आजाद
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले पर TMC सांसद कीर्ति आजाद ने बीजेपी और मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब सवाल ट्रस्ट के काम करने के तरीके पर उठ रहे हैं तो ट्रस्ट की ओर से स्पष्ट जवाब आना चाहिए. कीर्ति आजाद ने अपने बयान में कहा कि बीजेपी अक्सर यह आरोप लगाती है कि अयोध्या आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जिम्मेदार थे. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी का यही मानना है तो फिर मुलायम सिंह यादव को पद्म भूषण सम्मान क्यों दिया गया.
कीर्ति आजाद ने कहा कि यह एक जरूरी सवाल है, जिसका जवाब दिया जाना चाहिए. उनके अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को किसी घटना के लिए जिम्मेदार बताया जाता है तो बाद में उसे सम्मान दिए जाने के पीछे का कारण भी स्पष्ट होना चाहिए. कीर्ति आजाद ने नृपेंद्र मिश्रा का नाम लेते हुए भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर उस समय की घटनाओं को लेकर किसी अधिकारी की भूमिका पर सवाल हैं तो यह भी बताया जाना चाहिए कि उन्हें बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी क्यों दी गई और राम मंदिर निर्माण से जुड़ी समिति का प्रमुख क्यों बनाया गया.
राम मंदिर निर्माण को लेकर कीर्ति आजाद का बयान
कीर्ति आजाद ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाली समिति के जिम्मेदार लोगों से भी सवाल पूछे जाने चाहिए. उनके अनुसार अगर किसी मामले में आरोप लग रहे हैं तो निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए और सभी संबंधित पक्षों से जवाब लिया जाना चाहिए. TMC सांसद ने कहा कि राम मंदिर जैसे आस्था के केंद्र से जुड़े किसी भी विवाद या आरोप को गंभीरता से लिया जाना चाहिए ताकि लोगों का विश्वास बना रहे. उन्होंने कहा कि मामले में पारदर्शिता जरूरी है और जो भी तथ्य हैं, उन्हें जनता के सामने रखा जाना चाहिए.
