कैसे पकड़ा गया IRS अधिकारी की बेटी का हत्यारा, कोर्ट ने चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
दिल्ली में कैलाश हिल्स के अमर कॉलोनी में सीनियर IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी की दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल मीणा का मेडिकल कराने के बाद पुलिस वापस उसे अमर कॉलोनी थाने लाया गया है, साकेत कोर्ट में उसकी पेशी कर पुलिस ने कस्टडी मांगी। दिल्ली की साकेत अदालत ने IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले के आरोपी राहुल मीणा को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कस्टडी की मांग करते हुए कहा कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट कराने और उसे अलवर ले जाने की जरूरत है।
कैसे पकड़ा गया आरोपी राहुल मीणा
- सुनवाई के दौरान आरोपी के शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए, जिसकी जानकारी उसने खुद अदालत में दी। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी और आभूषण भी बरामद किए हैं। इस पूरे केस को सुलझाने में तीन अहम डिजिटल सुराग काम आया जिससे आरोपी पकड़ा गया। जिसमें से एक है- चोरी किया गया मोबाइल फोन, होटल का WiFi और इंस्टाग्राम चैट।
- पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल मीणा वारदात के बाद करीब 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस की कई टीमें बनाई गईं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास अपना मोबाइल भी नहीं था, मोबाइल भी उसने राजस्थान के अलवर से चुराया था और उसी का इस्तेमाल करते हुए वह पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
- आगे की जांच में पता चला कि आरोपी द्वारका के एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां वह होटल के WiFi के जरिए इंटरनेट चला रहा था। इसी दौरान राहुल ने अपने गुरुग्राम में रहने वाले रिश्तेदार से इंस्टाग्राम मैसेंजर के जरिए लगातार संपर्क में था।
- दिल्ली पुलिस ने इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और डिजिटल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की। आरोपी के रिश्तेदार से पूछताछ कर डिटेल्स ली गई। इन सभी तकनीकी सुरागों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच पाई और उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
- जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले पीड़िता के घर में काम कर चुका था और परिवार के डेली रूटीन से अच्छी तरह वाकिफ था। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
