जयपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी और तीन बेटियों की हत्या, आरोपी फरार
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गोविंदपुरा इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, राहुल झा पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर में मौजूद निर्माण सामग्री से चारों पर हमला किया। हमले में चारों की मौत हो गई।
मृतकों में पत्नी और तीन बेटियां शामिल
मृतकों में आरोपी की पत्नी के साथ उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। उनकी उम्र करीब 17 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घर के अंदर चार शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पारिवारिक विवाद को माना जा रहा वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पश्चिम जिले के डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
