‘गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला’, बंगाल और असम में बंपर जीत पर PM मोदी का संबोधन
पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के बाद दिल्ली स्थिति पार्टी मुख्यालय में भी जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी मुख्यालय से पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। अपने संबोधन में वे पांचों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी है। पीएम मोदी के पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया। पुष्पवर्षा के साथ पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी इस दौरान एक अलग परिधान में नजर आए।
आज का दिन ऐतिहासिक
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी मैं देशभर के बीजेपी कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं। आज का यह दिन कई मायनों में खास है। देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की कसौटी पर, भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर.. मैं बंगाल, असम, केरल, पुड्डुचेरी और तमिलनाडु की जनता आभार व्यक्त करता हूं।
पीएम मोदी ने नितिन नवीन को दी बधाई
पीएम मोदी ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और उनकी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा- बीजेपी के हर छोटे बड़े कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया है आपने नया इतिहास रच दिया है। बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अध्यक्ष पद संभालने के बाद पहला चुनाव था इस चुनाव में हर कार्यकर्ता को इनका जो मार्गदर्शन मिला वह इस विजय में बहुमूल्य रहा है।
‘यह लोकतंत्र ही नहीं संवैधानिक संस्थाओं की भी जीत है’
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर कहा कि यह लोकतंत्र ही नहीं संवैधानिक संस्थाओं की भी जीत है। बंगाल में 93 प्रतिशत वोटिंग होना बहुत बड़ी बात है। इसके लिए चुनाव आयोग को बहुत बहुत बधाई।
‘गंगोत्री से गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला’
पीएम मोदी ने बिहार चुनाव परिणाम के बाद अपने संबोधन का जिक्र किया और कहा कि मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से होते हुए गंगा सागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है।
हमारा एक ही मंत्र-नागरिक देवो भव:
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में बीजेपी सरकार है। हमारा एक ही मंत्र है- नागरिक देवो भव:। इसलिए जनता बीजेपी ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है जहां भाजपा वहां गुड गर्वनेंस, जहां भाजपा वहां विकास।
क्या बोले नितिन नवीन?
पीएम मोदी के संबोधन से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जनता ने जो समर्थन दिया उसके प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूं। जनता ने 4 जून 2024 के नतीजे की कसक को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब भय के वातावरण से भरोसे के वातावरण में आ गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, पुड्डुचेरी की जनता ने पीएम मोदी के प्रति अपना अपार स्नेह जताया है। आने वाले दिनों में दक्षिण के राज्य में भी कमल खिलेगा। नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव का परिणाम इंडी गठबंधन के नेता राहुल गांधी की नाकामी है।. जनता के साथ इन लोगों ने अन्याय किया है इसलिए इंडी गठबंधन ताश के पत्ते की तरह बिखर जाएगा।
