राजस्थान में वसुंधरा राजे के नाम पर फर्जी पत्र वायरल, तीन कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का महिला आरक्षण को लेकर फर्जी पत्र वायरल करने के मामले में भोपाल पुलिस ने तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद अब उन्हें जयपुर लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी. आरोपी निखिल, बिलाल और ईनाम कांग्रेस IT सेल में काम करते थे जिन पर पत्र वायरल करने के गंभीर आरोप लगे हैं.
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो कि RSS प्रमुख मोहन भागवत के नाम था. फर्जी पत्र के वायरल होने के बाद सियासत गरमा गई. खुद वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पत्र के फर्जी होने की जानकारी साझा की जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी इस मामले में ज्योति नगर थाने में भी मामला दर्ज किया गया है.
तीन आरोपियों से पुलिस कर रही पूछताछ
प्रदेश बीजेपी प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इसकी गहराई से जांच होगी. पकड़े गए तीनों आरोपियों से अब पूछताछ की जा रही है कि आखिर ये पत्र कैसे और किसके कहने पर वायरल किया गया. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इसके पीछे बड़ा षडयंत्र हो सकता है.
BJP में चल रही सियासी साजिश का जल्द होगा खुलासा- हरीश चौधरी
मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि इन दिनों बीजेपी की अंदरूनी सियासत चल रही है. मध्य प्रदेश कांग्रेस की IT सेल के तीन कार्यकर्ताओं को फंसाया गया है. हम उसकी गिरफ्तारी को कोर्ट में चुनौती देंगे और जल्द ही बीजेपी में चल रही सियासी साजिश का खुलासा भी करूंगा.
