सफाई कर्मचारियों का शोषण नहीं होगा बर्दाश्त
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देते आधस के पदाधिकारी।
सहारनपुर। आदि धर्म समाज (आधस) भारत ने नगर निगम सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति निजी कंपनियों के माध्यम से किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इसे सफाई कर्मचारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए ठेका व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति ठेका प्रथा के तहत निजी कंपनियों को सौंपे जाने से कर्मचारियों के शोषण की आशंका बढ़ जाएगी। संगठन ने नगर निगम परिसर में पिछले कई दिनों से चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। आदि धर्म समाज (आधस) भारत ने मांग की कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती सीधे की जाए और निजी कंपनियों को यह कार्य न सौंपा जाए।
साथ ही संगठन ने न्यायालयों के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने की मांग की गई।
