संगठन को मजबूत करके ही जीता जा सकता है चुनाव: सूद

संगठन को मजबूत करके ही जीता जा सकता है चुनाव: सूद
  • सहारनपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम में मंचासीन पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिंद्र सूद वाल्मीकि ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर ही आगामी त्रिस्तरीय चुनाव व विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की जा सकती है। इसलिए कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही त्रिस्तरीय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिंद्र सूद वाल्मीकि पुवांरका विकास खंड के गांव गागलहेड़ी में दानिश व गांव चौरा में यूनुस के आवास पर संगठन सृजित अभियान के अंतर्गत आयोजित बैठकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण देश का हर वर्ग त्रस्त है। चाहे वह मजदूर हो, किसान हो, आम आदमी हो अथवा व्यापारी हो, देश में हर तरफ सरकार के खिलाफ एक अजीब सी बेचैनी देखने को मिल रही है। किसान आंदोलन इसका जीता जागता उदाहरण है क्योंकि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों को खेतिहर मजदूर बनाने पर तुली है। नया कृषि कानून लागू होने के चलते देश का किसान सिर्फ खेतिहर मजदूर बनकर रह जाएगा जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली गुर्जर ने कांग्रेस के शासनकाल में किए गए विकास कार्यों का बखान करते हुए कहा कि कांग्रेस ही देश व प्रदेश का सर्वांगीण विकास करने में सक्षम है। उन्होंने भाजपा पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों का हम सबको एकजुटता के साथ विरोध करना चाहिए। क्षेत्रीय विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि अभी तक हमने राजा को महात्मा बनते देखा था लेकिन पहली बार महात्मा को राजा बनते देखा है।

उन्होंने कहा कि जो आदमी अपने पिता के अंतिम संस्कार में न गया हो, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जो जनता की पीड़ा न समझ सके, ऐसे मुख्यमंत्री को कुर्सी पर बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी ने पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसका कार्यकर्ता होता है। इसलिए हमें एक-एक साथी को साथ लेकर कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा तभी हम सफल हो सकेंगे और यही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि यदि हमें देश व प्रदेश को तरक्की की राह पर ले जाना है तो कांग्रेस को सत्ता में लाना होगा क्योंकि कांग्रेस ही विकास करने में सक्षम है। बैठक में दानिश को पुवांरका ब्लाक उपाध्यक्ष, इकरार को कैलाशपुर न्याय पंचायत अध्यक्ष तथा राव जुल्फकार को संभालकी न्याय पंचायत अध्यक्ष चुना गया। बैठक में अशोक सैनी, प्रेम काम्बोज, विक्रम राणा, मनीष त्यागी, गुलफाम अंसारी आदि सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे