देवबंद पुलिस ने तीन शातिर चोर किए गिरफ्तार

देवबंद पुलिस ने तीन शातिर चोर किए गिरफ्तार
सहारनपुर में देवबंद पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी।

सहारनपुर। थाना देवबंद पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे/निशानदेही पर चोरी किया गया तांबे का तार, नशीला पदार्थ, नगदी एवं एक मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार देवबंद कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक अनिल व उपनिरीक्षक डैनी के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर चोरों रिजवान पुत्र इमरान निवासी मौहल्ला कोल्हा बस्ती कस्बा व थाना देवबंद, बाबर पुत्र बदल आलम निवासी मौहल्ला एचएवी इंटर कालेज पक्का बाग कस्बा व थाना देवबंद व कृष्णपाल उर्फ मिंटू पुत्र पूरण सिंह निवासी बलजीत कालोनी मौहल्ला लहसवाड़ा थाना देवबंद को ग्राम मकबरा देवबंद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 ग्राम चरस नाजायज, तीन आधार कार्ड, 2.70 किग्रा तांबे का तार, 3670 रूपए की नगदी, एक पंखा एवं मोटरसाइकिल संख्या यूपी11बीएस-9011 बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि हम लोगों के पास कोई काम धंधा नहीं है। इसलिए हम अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटी-मोटी चोरी कर लेते हैं तथा नशीला पदार्थ बेचकर नशे की जरूरतों को भी पूरा करते हैं। चोरी किए गए सामान को राह चलते लोगों को बेच देते हैं। दबोचे गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में क्रमशः पांच, बारह व आठ मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।