दिल्ली AIIMS की टीम करेगी ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम, ससुराल पक्ष बोला- ‘हमारी बहू थी, अंतिम संस्कार कराना फर्ज’

दिल्ली AIIMS की टीम करेगी ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम, ससुराल पक्ष बोला- ‘हमारी बहू थी, अंतिम संस्कार कराना फर्ज’

दिल्ली एम्स की टीम भोपाल जाकर एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम करेगी। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की बात कही है। वहीं, उसका पति भी सरेंडर करने के लिए तैयार हो गया है। आरोपी के वकील ने हाईकोर्ट में यह जानकारी दी। 12 मई की रात ट्विशा की मौत के बाद से उसका पति फरार है। ट्विशा शर्मा के परिवार के सदस्यों ने बताया कि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनके दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स की टीम को भोपाल भेजने के लिए कहा है।

ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह और ट्विशा के भाई के बीच बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो पर ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, “इसमें सिर्फ सच है। इसमें कोई झूठ नहीं है। उन्होंने सच में वो बातें कही थीं, अच्छी बात ये थी कि वो रिकॉर्ड पर थीं। वो सच में गिरिबाला सिंह और मेरे बीच की बातचीत थी। उनकी मौसी, बड़े भाई, मेरे बड़े भाई और मेरी मां कमरे में मौजूद थे।”

ट्विशा की सास को चैलेंज सुनने की आदत नहीं- हर्षित

मेजर हर्षित ने कहा, “बहुत सारी बुरी बातें कहीं गईं, जो उस समय मेरी समझ से बाहर थीं। मैं उन्हें वहीं चैलेंज कर रहा था। लेकिन वे एक जज हैं और उन्हें चैलेंज सुनने की आदत नहीं है। तो, उन्होंने सीधे कहा, “ये लड़का मुझसे ये बातें कैसे कह सकता है? क्या तुम मुझसे क्रॉस-क्वेश्चन कर रहे हो?” मैंने बस उन्हें बताया कि मैं ट्विशा का भाई होने के नाते, ट्विशा की सास से बात कर रहा हूं और इसलिए मैं उन्हें चैलेंज नहीं कर रहा हूं। ये एक नॉर्मल बातचीत थी और मैं इस पर उसकी राय जानना चाहता था। वो अपनी बात पर अड़ी रहीं और उन्हें इसमें कुछ भी गलत नहीं लगा। ये बहुत हैरानी की बात थी।”

मध्य प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की

मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इस पर मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, “यह एक निष्पक्ष जांच की ओर पहला कदम है, जिसकी हम मांग कर रहे थे। यह एक महत्वपूर्ण डेवलपमेंट है। उम्मीद करते हैं कि होम मिनिस्ट्री थोड़ा पहले शामिल होगी और जल्द से जल्द फैसला लिया जाएगा। शुरू से ही, हम निष्पक्ष जांच और न्याय के लिए लड़ रहे थे। यह हम सभी की लड़ाई है। ट्विशा के दोस्त, उससे जुड़े लोग, हम सभी। यह हम सभी की जीत है। यह एक छोटी सी जीत है लेकिन लड़ाई अभी भी जारी है।”

12 मई को हुई थी ट्विशा की मौत

ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। उसके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया, जबकि ससुराल पक्ष ने दावा किया कि वह ड्रग्स की आदी थी। पुलिस ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और सास व पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (2), 85 और 3 (5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने फरार समर्थ की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 30,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। हालांकि, उसके वकील ने कहा कि समर्थ अदालत के समक्ष सरेंडर करने के लिए तैयार है। ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह एक सेवानिवृत्त जिला और सत्र न्यायाधीश और भोपाल जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की वर्तमान अध्यक्ष हैं।

Leave a Reply