सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पर निगम बोर्ड ने लगायी मुहर
सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आज नगर निगम बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुयी। पार्षद संजय गर्ग की माता जी के निधन पर सदन ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोक व्यक्त किया। उसके बाद महापौर ने सदन स्थगित कर दिया। कुछ देर बाद महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार में पुनः बोर्ड की बैठक शुरु हुयी बैठक में सफाई कर्मियों की वेतन वृद्धि व पांच लाख रुपये का अतिरिक्त बीमा सम्बंधी प्रस्ताव सहित निर्माण कार्य सम्बंधी अनेक प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किये गए।
सफाई कर्मियों वेतन वृद्धि का प्रस्ताव कार्यकारणी द्वारा पहले ही पारित किया जा चुका है। प्रारंभ में प्रदेश शासन द्वारा नगर निगम के नामित दस सदस्यों धनपाल कश्यप, मुरारी खेतवाल, मनीष सचदेवा, शिवमंगल सिंह, राजेश वालिया, जसवीर मोगा, प्रवीण रोहिला, राहुल झाम, निशांत शर्मा व अरुण गुप्ता का उपसभापति मयंक गर्ग ने सदन से परिचय कराया तथा सदन प्रभारी जे पी यादव ने पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने भी सभी नामित पार्षदों का सदन में स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर- शामली स्थानीय निकाय सीट से एमएलसी वंदना वर्मा भी बोर्ड बैठक में पहली बार सम्मलित हुयी। नगरायुक्त शिपू गिरि ने उन्हें बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
एमएलसी वंदना वर्मा ने पार्षदों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपनी निधि से सहारनपुर में भी विकास कार्य करायेंगी। उन्होंने महापौर डॉ. अजय कुमार से अनुरोध किया कि वे सहारनपुर के विकास की कोई परियोजना उन्हें बताएं ताकि वह उस पर अपनी निधि से कार्य करवा सके। उपसभापति मयंक गर्ग ने सफाई कर्मचारियों की पूरे प्रदेश में सर्वाधिक वेतन वृद्धि (17 हजार 446 रुपये) और पांच लाख रुपये का अतिरिक्त बीमा कराने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार का पूरे सदन की ओर से आभार व्यक्त किया। अन्य पार्षदों ने भी इसके लिए महापौर का आभार जताया। जबकि पार्षद गौरव जैन ने अपने पिता और पूर्व पार्षद रविसेन जैन के नाम पर रायवाला उद्यान का नामकरण रखने के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया।
कुछ पार्षदों द्वारा महर्षि बाल्मीकि चैक का मामला उठाये जाने पर महापौर ने सदन को बताया कि प्रस्ताव पास होकर प्रदेश शासन को जा चुका है, वह अपने स्तर से भी मुख्यमंत्री जी से भेंटकर उसकी स्वीकृति शीघ्र दिलाने का प्रयास करेंगे। शाकुंभरी चैक के मुद्दे पर महापौर ने कहा कि यह मां शाकुंभरी का क्षेत्र है,एक बहुत सुंदर शाकुभरी कॉरीडोर बनवाया जायेगा, इसीलिए इसमें विलंब हो रहा है। महापौर ने संत कबीरदास की जयंती पर पूरे देश को नगर निगम की ओर से बधाई और शुभकामनाएं भी दी। सदन का संचालन सदन प्रभारी जे पी यादव ने किया। लगभग सभी पार्षदों ने चर्चा में भागेदारी की।
पार्षदों ने मुख्यतः पुरानी चुंगी चैक का नाम दक्ष प्रजापति चैक करने, रायवाला-हिरनमारान आदि व्यस्त बाजारों में शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर लगवाने, पुल खुमरान पर चोक हुयी पुलिया को ठीक कराने, मानकमऊ चैक पर अस्थायी बस स्टैण्ड वाली निगम की जमीन पर लोगों द्वारा अवैध कब्जा रोकने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रोें को निर्गत करने में देरी, शिवपुरी शमशान में निर्माण आदि कार्य शीघ्र शुरु कराने, जीआईएस पोर्टल शीघ्र शुरु कराने, पार्को के नाम महापुरुषों के नाम पर रखने, एसटीपी प्लांट ठप होने, इलाहीपुरा की डेरियों द्वारा गोबर नालियों में बहाने, शरीर सौष्ठव को मेला गुघाल कार्यक्रमों में शामिल करने, वालीवॉल व कबड्डी के लिए भी मैदान उपलब्ध कराने, जैन कॉलेज सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य को गति देने के लिए रोड का अतिक्रमण हटाने, पार्षदों के कार्यो के लिए निगम में एक विंडो खुलवाने (ताकि तीनों जोन में न जाना पडे़) तथा निगम गैराज में होने वाली श्रीरामलीला का नाम श्रीराधा कृष्ण रामलीला कमेटी अंकित करने आदि के विषय बैठक में रखे गए। महापौर अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि ने एक-एक कर सभी पार्षदों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए विषयानुकुल कार्रवाई तथा जांच कराने आदि का आश्वासन दिया।
