‘सारे सिस्टम को तहस-नहस कर देंगे…’, महिला आरक्षण विधेयक पर बोले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद
संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक समेत तीन संशोधन बिल को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने महिला आरक्षण के साथ परिसीमन लाए जाने पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ये पूरे सिस्टम को हाईटैक करना चाहते हैं.
इमरान मसूद ने कहा कि “हम पहले दिन से महिला आरक्षण बिल के समर्थन में है. हमने पहले भी इसका समर्थन किया था. इन्होंने ही कहा था कि जब नई जनसंख्या आ जाएगी तो उस पर इसे लागू किया जाए लेकिन, अब ये इसे बदलना चाहते हैं सवाल इनकी मंशा पर है और चुपके से परिसीमन लेकर आ रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि परिसीमन में अगर आबादी के हिसाब से होगा तो दक्षिण राज्यों का तो प्रतिनिधित्व ही घट जाएगा. एक फ़ेडरल स्ट्रक्चरल के अंदर असंतुलन आ जाएगा. पूरे सिस्टम को हाईजैक करके ये सरकार तय करेगी कि कौन सी जनगणना उसे इस्तेमाल करनी है.
‘ये पूरा सिस्टम तहस-नहस कर देंगे’
जो परिसीमन आयोग होगा उसके पास असीमित शक्तियां होंगी. ऐसी शक्तियों पर जहां बैलेंस चेक नहीं होगा तो ये हमेशा से ही नुक़सानदायक होगा. ये बड़े मुद्दे है गंभीर है इस पर चर्चा होगी. जिन राज्यों ने जनसंख्या कंट्रोल किया है उन राज्यों को इससे नुक़सान उठाना पड़ेगा. ये क्षेत्रीय असंतुलन की भावना पैदा होगी.
ये लोग जो नारी शक्ति वंदन कर रहे हैं तो उसे वहीं तक रखिए.. इसे आगे लेकर जाने की बात कर रहे हैं ये नहीं होना चाहिए कि आप परिसीमन के माध्यम से सारे सिस्टम को ही तहस नहस कर देंगे. पहले इसमें क्यों शर्त लगाई थी और अब हटा रहे हो तो क्यों शर्त हटा रहे हो.
परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल
वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने भी परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में पूरी तरह से है. जब ये 2023 में लाया गया था तो हमने समर्थन दिया था, बीजेपी आरक्षण के नाम पर समाज में जहर घोलना चाहती है. तानाशाही लाना चाहती है हमारा विरोध उस पर है.
प्रमोद तिवारी ने कहा कि जिस तरह से परिसीमन के नाम पर जहर का इंजेक्शन डाला गया है और जानबूझकर जो टाइमिंग रखी गई है, जहां बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है. बुरी तरह हार रही है, उस समय स्पेशल सेशन बुलाना, बीजेपी के नीति और नीयत दोनों पर सवालिया निशाना उठा रहा है. आप देश में लोकतंत्र की हत्या कर तानाशाही लाना चाहते हैं हम परिसीमन के घोर विरोधी है और पूरी शक्ति से इसका विरोध करेंगे.
