कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो न कभी भाजपा के साथ गई है और न कभी जाएगी – कन्हैया

कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो न कभी भाजपा के साथ गई है और न कभी जाएगी – कन्हैया

पटना: बिहार में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में अपनी पार्टी का प्रचार करने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस के नेता कन्हैया कुमार और हार्दिक पटेल के साथ जिग्नेश मेवाणी भी पटना पहुंचे। पटना पहुंचने के बाद तीनों नेताओं ने जहां विरोधियों पर जमकर निशाना साधा, वहीं दावा किया अगले चुनाव में बिहार और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में इन तीनों नेताओं के आगमन पर आयोजित अभिनंदन समारोह में कन्हैया कुमार ने बिना किसी के नाम लिए राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो न कभी भाजपा के साथ गई है और नहीं कभी जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा के साथ अगर सच में लड़ना है, तो कांग्रेस के साथ आना होगा।

राजद द्वारा स्ट्राइक रेट पूछे जाने पर कन्हैया ने बिना किसी के नाम लिए कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से विपक्ष की ओर से केवल एक प्रत्याशी विजयी हुए थे और वे भी कांग्रेस के थे। कांग्रेस का स्ट्राइक रेट और अन्य विपक्षी दलों के स्ट्राइक रेट का आकलन कर लीजिए।

उन्होंने इशारों ही इशारों में कहा कि आजकल पढ़-लिखे लोग लठैत की भाषा बोल रहे हैं।

कन्हैया ने कहा कि जिनको विरासत में राजनीति मिली है, वे आज अपने हाथ से छाती को लपेट लिए हैं, लेकिन राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो दोनों हाथ फैलाकर भाजपा के साथ लड़ने वालों का स्वागत करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल गुजरात में हराने से कुछ नहीं होगा बिहार में भी पानी पिलाना होगा। उन्होंने कहा कि बिहार न केवल ज्ञान और तप की धरती है बल्कि यह परिश्रम की भी भूमि है। यहां दशरथ मांझी ऐसे वीर हुए जिन्होंने पहाड़ तक काट दिया।

उन्होंने कहा कि, आज वोट की राजनीति नहीं बिहार के इतिहास को पुर्नजागरण करना होगा, यह जरूरी है। जात और धर्म के नाम पर देश का बंटवारा एक बड़ी साजिश है। समाजिक न्याय के साथ समाजिक एकता को समझना होगा। आज सभी को आत्मसम्मान की लडाई लड़नी होगी। बिहार में रहने वाले 12 करोड़ से ज्यादा लोगों के आत्मसम्मान की लड़ाई कांग्रेस पार्टी लड़ेगी।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे