पुलिस परिवार के बच्चों ने 99 तक के पहाड़े याद कर दिखाई याददाश्त की क्षमता
दो दिवसीय बीपीजेड लर्निंग डॉजिंग टेबल्स प्रशिक्षण में बच्चों ने सीखीं गणित की रोचक तकनीकें
सहारनपुर। पुलिस परिवार के बच्चों में गणित के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और मानसिक गणना क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन सहारनपुर में 2 और 3 अक्टूबर को दो दिवसीय निःशुल्क ‘बीपीजेड लर्निंग डॉजिंग टेबल्स’ प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यशाला में बच्चों ने खेल-खेल में गणित की कठिन लगने वाली गणनाओं को आसान बनाने की तकनीकें सीखीं और 99 तक के पहाड़े याद कर अपनी याददाश्त का प्रदर्शन किया।
कार्यशाला में सहारनपुर की युवा प्रतिभा एवं डॉजिंग टेबल्स ग्रैंड मास्टर आरन्या छाबड़ा ने बच्चों को 99 तक की गुणा पहाड़ियां सरल और रोचक तरीके से सीखने, याद रखने तथा तत्काल दोहराने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बच्चों को बीपीजेड डॉजिंग टेबल्स तकनीक के साथ-साथ वैदिक गणित की विभिन्न उपयोगी तकनीकें भी सिखाई गईं।
आरन्या छाबड़ा और ब्रेन पावर जोन के निदेशक अमित छाबड़ा द्वारा विकसित बीपीजेड डॉजिंग टेबल्स तकनीक का भारत सरकार के कॉपीराइट कार्यालय में पंजीकरण कराया गया है। आरन्या छाबड़ा ने स्मरण शक्ति और गणितीय कौशल के क्षेत्र में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के रिकॉर्ड और सम्मान भी हासिल किए हैं।
उनकी प्रतिभा और शिक्षण क्षमता को देखते हुए डीआईजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने पुलिस परिवार के बच्चों के साथ यह तकनीक साझा करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया था।
खेल-खेल में सीखे 99 तक के पहाड़े
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने अलग-अलग गतिविधियों और अभ्यास के माध्यम से पहाड़ों को याद किया। बच्चों ने उत्साह के साथ 99 तक की पहाड़ियां दोहराईं और अपनी मानसिक गणना क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति डर कम कर उसे रोचक एवं सहज बनाना रहा।
16 प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित
समापन अवसर पर ब्रेन पावर जोन से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 16 प्रतिभाशाली बच्चों को विभिन्न रिकॉर्ड पुस्तिकाओं में मिली मान्यता के लिए सम्मानित किया गया।
आद्या शुक्ला, आत्रेय सिंह मलिक, देविका, जस्मेहर कौर, प्रभात राघव, प्रणवी सूरी, रेहत कौर और ऋषिनंदन दुबे को इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं भारत रिकॉर्ड बुक में मान्यता मिली।
वहीं आहना नागपाल, अथर्व सिंघल, अर्कजा तिवारी, काव्ये भंडारी, महिमा गिर्धर, नितारा खुंगर, राध्या सिंघल और रिवान चन्ना को भारत रिकॉर्ड बुक में मान्यता प्राप्त हुई।
सभी बच्चों को एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर एसीजेएम मीनल तिवारी, स्मॉल वंडर्स की प्रधानाचार्य सविता माखीजा, ब्रेन पावर जोन के निदेशक अमित छाबड़ा, वरिष्ठ अबेकस प्रशिक्षक रिया छाबड़ा और ग्रैंड मास्टर आरन्या छाबड़ा सहित बच्चों के अभिभावक तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीआईजी रेंज के जनसंपर्क अधिकारी सानुज यादव, एसएसपी के जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र भाटी तथा पुलिस लाइन के आरआई वीरेंद्र बहादुर मौर्य के पर्यवेक्षण में सोनिया राणा, हरलीन कौर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल को शिक्षा, आत्मविश्वास और प्रतिभा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
