‘Selected मुख्यमंत्री बनने पर बधाई…’, सम्राट चौधरी की शपथ के बाद तेजस्वी यादव ने कसा तंज
बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता सम्राट चौधरी ने आज बुधवार (15 अप्रैल) को बिहार के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली. सम्राट चौधरी बिहार के पहले मुख्यमंत्री हैं. वहीं सम्राट चौधरी के सीएम पद की शपथ लेने के बाद बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं.
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“सम्राट चौधरी द्वारा आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं. आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि वर्षों के शासन उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है.”
राजद नेता तेजस्वी यादव ने आगे लिखा-“आशा है कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे. प्रादुर्भाव से समाजवादी श्री सम्राट चौधरी जी को पुन: हार्दिक शुभकामनाएं.”
सम्राट चौधरी ने बिहार सचिवालय में बिहार के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला लिया है, जिसकी फोटो बिहार सीएमओ के सोशल मीडिया अकाउंट से भी शेयर की गई हैं. वहीं बिहार की नई सरकार में जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी लोकभवन में मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
बता दें कि नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य हैं, उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपने मंत्रिमंडल को भंग कर दिया. जिसमें सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास गृह मंत्रालय का महत्वपूर्ण प्रभार था.
