ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज की बैठक में भ्रामक सोशल मीडिया पोस्टों की निंदा

ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज की बैठक में भ्रामक सोशल मीडिया पोस्टों की निंदा
सहारनपुर में आयोजित बैठक को सम्बोधित अशोक सैनी।

सहारनपुर। ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज प्रदेश इकाई की एक आवश्यक बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सोशल मीडिया पर संगठन एवं उसके पदाधिकारियों के विरुद्ध प्रसारित की गई कथित भ्रामक और तथ्यहीन पोस्टों की एक स्वर में निंदा की। अपने आवास पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलबाग सैनी द्वारा संचालित सामाजिक अभियानों और जनहित कार्यों से कुछ कुंठित मानसिकता के लोग विचलित होकर संगठन की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की तथ्यहीन और भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक एवं संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

भारतीय किसान यूनियन भवानी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संगठन की प्रदेश संगठन मंत्री ऋतु सैनी ने कहा कि यदि किसी को संगठन से कोई शिकायत या आपत्ति थी तो उसे संवाद के माध्यम से दूर किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि समाज और सामाजिक संगठनों को बदनाम करना अनुचित है तथा ऐसे कृत्य निंदनीय हैं। महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता सैनी ने भी घटना की भर्त्सना करते हुए कहा कि संगठन अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान और सामाजिक कार्यों पर किसी प्रकार की आंच नहीं आने देगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा समाज सेवा, गरीब बच्चों की शिक्षा और वृद्धाश्रमों में सेवा कार्यों से लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ओमपाल सैनी ने कहा कि संगठन के खिलाफ दुष्प्रचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि किसी ने संगठन के विरुद्ध तथ्यहीन पोस्ट प्रसारित की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में एडवोकेट विक्रम सैनी, कौशल सैनी, मोहन सिंह सैनी, वेदप्रकाश प्रधान, रामकुमार सैनी, अतर सिंह सैनी, सुरेंद्र सैनी, अभिषेक सैनी, मनीष सैनी, दिवेश सैनी, दीपक सैनी, ऋषिपाल सैनी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply