CM रेखा गुप्ता को सौरभ भारद्वाज ने कहा ‘Thank You’, कसा तंज

CM रेखा गुप्ता को सौरभ भारद्वाज ने कहा ‘Thank You’, कसा तंज

दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार (24) को बारिश हुई. इसकी वजह से कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. कई जगहों पर सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो गईं. इस बीच रास्ते में बच्चों को ले जा रही एक स्कूल वैन सड़क पर पानी में फंस गई, जिसके बाद उन स्कूली बच्चियों को सड़क पर भरे पानी में ही उतरना पड़ा. अब इसी वीडियो को शेयर करते हुए AAP नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधा है.

बच्चों के लिए फ्री में वाटर पार्क के लिए धन्यवाद- भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्कूली वैन का वीडियो शेयर किया और तंज कसते हुए लिखा, ”दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और BJP सरकार को बहुत बहुत धन्यवाद. दिल्ली में बच्चों के लिए फ्री में वाटर पार्क की व्यवस्था करने के लिए धन्यवाद.”

पानी में बीच सड़क पर बंद हो गई वैन

वीडियो में साफ तौर से देखा जा सकता है कि स्कूली बच्चियों को ले जा रही एक वैन बीच सड़क पर बंद हो गई है. बारिश की वजह से सड़क पर पानी भरा हुआ है. ज्यादा जलभराव की वजह से वैन आगे नहीं बढ़ रही है. जिसके बाद एक-एक करके ये स्कूली बच्चियां अपने बैग लेकर वैन से उतरी हुई दिख रही हैं.

नालों की सफाई के दावों की पोल खुली- सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने जलभराव का एक और वीडियो शेयर कर रेखा गुप्ता सरकार को घेरा. उन्होंने लिखा, ”यह दृश्य दिल्ली के सबसे मशहूर कमर्शियल हब, सदर बाज़ार का है. दुकानों में पानी भर गया है, सामान खराब हो रहा है और दुकानदार बेबस हैं. जब से “फोर-इंजन सरकार” बनी है, पूरी दिल्ली में जगह-जगह पानी भरने की गंभीर समस्या हो रही है. नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल गई है. प्रशासन अपनी नींद से कब जागेगा?”

बता दें कि दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई. कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

Leave a Reply