2027 के चुनाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान, बोले- ‘बहुत जल्द करेंगे सीटों की घोषणा’
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनावी तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए सीटों की घोषणा करेगी। साथ ही उन्होंने गठबंधन को लेकर भी पार्टी का रुख साफ किया।
‘बहुत जल्द सीटों की घोषणा करेंगे’
चंद्रशेखर आजाद ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर कहा, “हम उत्तर प्रदेश में बहुत जल्द सीटों की घोषणा करेंगे। अभी हमने 45 प्रभारी बनाए हैं और अभी और नए प्रभारियों की घोषणा करनी है।”
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी दल के साथ गठजोड़ को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “हमारा किसी के साथ गठजोड़ होगा तो आपको जरूर बताया जाएगा।”
अंकित बालियान हत्याकांड पर उठाए सवाल
अंकित बालियान हत्याकांड और कथित शूटर्स के एनकाउंटर को लेकर भी चंद्रशेखर आजाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंकित बालियान की हत्या के बाद दो शूटर्स मारे गए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या अंकित बालियान की हत्या होनी चाहिए थी, सरकार के पास इसका कोई जवाब है?”
रवि किशन के ‘गोरखपुर स्पेन’ बयान पर तंज
गोरखपुर में साफ-सफाई, जलजमाव और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने सांसद रवि किशन के बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि पहले नेपाल ही ऐसा देश था, जहां भारतीय बिना वीजा और पासपोर्ट के जा सकते थे, लेकिन अब गोरखपुर के वर्तमान लोकसभा सदस्य के मुताबिक मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर स्पेन बन गया है।
उन्होंने कहा, “पहले हम गोरखपुर में स्पेन के बारे में सुनते थे, लेकिन अब वे कह रहे हैं कि गोरखपुर स्पेन बन गया है। जब मैं यहां आया, तो मुझे लगा कि शायद स्पेन में घुसने के लिए मुझे वीजा की जरूरत पड़ेगी।”
बेरोजगारी और पेपर लीक को लेकर योगी सरकार पर हमला
चंद्रशेखर आजाद ने रोजगार और युवाओं के पलायन का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी के कारण युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं और विरोध-प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि “पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को विरोध-प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है।”
