‘यूपी में अघोषित इमरजेंसी के हालात’, चंद्रशेखर आजाद ने साधा निशाना
New Delhi: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद रविवार को बस्ती के रुदौली विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने रुदौली सीट से चुनाव लड़ने जा रहे मोहम्मद आकिब के पक्ष में प्रचार किया. इस दौरान उन्होंने जनसभा से पद यात्रा करके आकिब के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की. इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी दल और पिछली सरकारों पर जमकर हमला बोला.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा और पूर्व की सरकारों ने जनता से सिर्फ वादे किए लेकिन, धरातल पर कुछ नजर नहीं आया. उन्होंने आरोप लगाया कि आज सरकार को अपनी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए आशा, आंगनवाड़ी, रोजगार सेवक, अनुदेशक और शिक्षकों जैसे सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ रहा है. जबकि आसपा और भीम आर्मी के कार्यक्रमों में जनसैलाब उमड़ रहा है और मैदान छोटे पड़ रहे हैं.
यूपी में ऐतिहासिक प्रदर्शन का दावा
नगीना सांसद ने इस दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव में डुमरियागंज सीट पर मिले 80,000 से अधिक वोटों का जिक्र करते हुए दावा किया कि 2022 से तैयार बैठे पार्टी कार्यकर्ता 2027 में अपना ऐतिहासिक प्रदर्शन दिखाएंगे. चंद्रशेखर ने यूपी की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी और जंगलराज जैसे हालात हैं.
उन्होंने इस दौरान विनोद साहनी, रमेश कोरी, राम लखन मौर्य, शुभम, सौरभ विश्वकर्मा, बिजनौर हत्याकांड, ललिता गौतम प्रकरण और रायबरेली हत्याकांड का जिक्र किया और कहा कि प्रदेश में चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है और पीड़ित परिवार आंसू बहाने को मजबूर हैं.
एथेनॉल फैक्ट्री को हटाने की माँग
रुधौली में बन रही एथेनॉल फैक्ट्री का विरोध कर रहे ग्रामीणों का समर्थन करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि लोगों की जान से खिलवाड़ कर विकास नहीं किया जा सकता. उन्होंने इस फैक्ट्री को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की. बस्ती की 5 विधानसभा सीटों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं. उन्होंने दावा किया कि रुधौली से उनकी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी. 21 तारीख के बाद अन्य प्रत्याशियों की सूचियाँ भी जारी कर दी जाएंगी.
