‘वोट चोरी नहीं, राहुल गांधी की कामचोरी है’, BJP का कांग्रेस नेता पर तंज
देश की विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ वोट चोरी को आरोप लगा रहे हैं. इसको लेकर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में महागठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट बचाओ, देश बचाओ रैली निकाली थी. जहां उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग की थी. इस बीच बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि राहुल गांधी देश में रहने लायक नहीं हैं. राहुल गांधी एक और छुट्टी मनाने और अपने अराजक साथियों से मिलने के लिए अमेरिका जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे 16 से 19 तारीख के बीच अमेरिका में रहेंगे. वे जब देश के बाहर ज्यादा समय बिताते हैं और देश में कम तो कांग्रेस भारत के लोगों से वोट की उम्मीद कैसे कर सकती है. यहां कोई वोट चोरी नहीं है, बस राहुल गांधी की कामचोरी है.
इंडियन डायसपोरा को करेंगे संबोधित
राहुल गांधी 16 से 19 नवंबर के बीच न्यूयार्क और शिकागो में ऑफिशियल दौरे पर होंगे. जहां वे इंडियन डायसपोरा और यूनिवर्सिटी के छात्रों से मुलाकात कर सकते हैं. बता दें कि बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर बार-बार सवाल उठाए हैं. 2 नवंबर को बीजेपी के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गांधी और उनके परिवार की विदेश यात्राओं को संदिग्ध बताया था. उन्होंने विदेशी संगठनों के साथ उनके कथित संबंधों पर सवाल उठाए और कई मुद्दों का जिक्र किया, जिनमें बोफोर्स मामला, हिंडनबर्ग रिसर्च, भारत के बारे में विदेशी मीडिया की रिपोर्टें और विदेशी संस्थानों के साथ गांधी की बातचीत शामिल हैं.
54 विदेश यात्राओं को लेकर बीजेपी के आरोप
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी ने सार्वजनिक जीवन में रहते हुए 22 सालों में 54 विदेश यात्राएं की हैं. उन्होंने इन यात्राओं पर कुल खर्च का अनुमान लगभग 60 करोड़ रुपये लगाया और सवाल उठाया कि इसके लिए फंड कहां से आया. बीजेपी ने यह भी पूछा कि अगर किसी विदेश यात्रा को किसी विदेशी संस्था ने स्पॉन्सर किया था तो क्या इसके लिए जरूरी अनुमतियां ली गई थीं?
