अवधेश प्रसाद का BJP पर हमला, बोले- 2027 में जनता खोलेगी ‘झूठ के पुलिंदे’, अखिलेश के नेतृत्व में सपा को मिलेगा ऐतिहासिक समर्थन

अवधेश प्रसाद का BJP पर हमला, बोले- 2027 में जनता खोलेगी ‘झूठ के पुलिंदे’, अखिलेश के नेतृत्व में सपा को मिलेगा ऐतिहासिक समर्थन

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए जनता पूरी तरह तैयार है और अब सिर्फ चुनाव का इंतजार कर रही है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि बीजेपी ने जनता के सामने जो वादों और दावों का पुलिंदा रखा था, उसे जनता 2027 में खोलने का काम करेगी।

सपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को जनता का ऐतिहासिक समर्थन मिलेगा। उन्होंने बीजेपी के चुनावी दावों पर सवाल उठाते हुए लोगों से उसके वादों पर भरोसा नहीं करने की अपील की।

‘बीजेपी के किसी दावे पर भरोसा नहीं किया जा सकता’

अवधेश प्रसाद ने कहा कि बीजेपी ने देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने, डॉलर के मुकाबले रुपये को मजबूत करने और पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने का दावा किया था। उन्होंने सवाल किया कि आज जमीनी स्तर पर स्थिति क्या है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने महंगाई कम करने और किसानों की आय दोगुनी करने का भी वादा किया था। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की बात भी कही गई थी, लेकिन उनके मुताबिक केंद्र में करीब 12 साल और उत्तर प्रदेश में लगभग साढ़े नौ साल की सरकार के बावजूद इन दावों को पूरा नहीं किया गया।

सपा सांसद ने कहा, “बीजेपी के दावों पर चर्चा करना अपना समय बर्बाद करना है। बीजेपी के किसी भी दावे पर भरोसा नहीं किया जा सकता।”

‘सनातन के नाम पर आई बीजेपी, अब चंदा चोरी तक पहुंच गई’

बीजेपी पर सनातन के मुद्दे को लेकर भी अवधेश प्रसाद ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सनातन के नाम पर सत्ता में आई थी, लेकिन अब उसी सनातन पर हमला करने से भी नहीं चूक रही है।

अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चंदे के विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी अब चंदा चोरी करने से भी नहीं चूक रही है। अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि सनातन का सबसे ज्यादा अपमान बीजेपी ने ही किया है।

राहुल गांधी की FIR पर बोले- विपक्ष डरने वाला नहीं

राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज एफआईआर को लेकर भी अवधेश प्रसाद ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इसे विपक्ष के खिलाफ कथित साजिश करार देते हुए कहा कि संघर्ष कर रहे विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर और अन्याय की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग इससे घबराने वाले नहीं हैं और उन्हें उम्मीद है कि राहुल गांधी भी इससे नहीं डरेंगे। अवधेश प्रसाद ने अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके संघर्ष को पूरा देश पहचान चुका है।