पेपर लीक के बाद NEET एग्जाम रद्द होने पर भड़के अशोक गहलोत, बोले- ‘सरकार ने जान बूझकर 2 हफ्ते तक…’

पेपर लीक के बाद NEET एग्जाम रद्द होने पर भड़के अशोक गहलोत, बोले- ‘सरकार ने जान बूझकर 2 हफ्ते तक…’

पेपर लीक के विवाद के बीच NTA ने NEET UG 2026 एग्जाम रद्द कर दिया है, जिससे मेडिकल की पढ़ाई कर रहे लाखों छात्रों पर असर पड़ेगा. इसपर अब राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक गहलोत की कड़ी प्रतिक्रिया आई है. नाराजगी जताते हुए अशोक गहलोत राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार पर खूब भड़के

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अशोक गहलोत ने लिखा, “NEET (UG) प्रवेश परीक्षा का रद्द होना यह दर्शाता है कि इस पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी. राजस्थान की बीजेपी सरकार ने जानबूझकर दो हफ्ते तक इसे छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया.”

 

पूर्व सीएम गहलोत ने NTA की तारीफ करते हुए कहा, “नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर और सीबीआई को जांच सौंपकर युवाओं के हित में एक साहसिक निर्णय लिया है.”

अशोक गहलोत ने आगे लिखा, “राजस्थान की बीजेपी सरकार ने पहले कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए OMR शीट घोटाले को छिपाया, ताकि सरकार की बदनामी न हो. कमजोर पैरवी के कारण उस मामले के आरोपियों को जमानत भी मिल गई. इसी प्रकार, अब NEET (UG) परीक्षा लीक की जानकारी को भी छिपाने का प्रयास किया गया और एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई. अब सच्चाई सामने आ गई है और बीजेपी सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है.”

‘किसी को बचाने की कोशिश कर रही सरकार’- अशोक गहलोत 

अशोक गहलोत ने दावा किया है कि सरकार ने जान बूझकर पेपर लीक की खबर कई दिन तक छिपाकर रखी. FIR तक नहीं करवाई गई. हमने खुद ही दो दिन पहले मांग की थी और सवाल किया था कि अब तक FIR क्यों नहीं हुई? यह बहुत बड़ा मामला था. एसओजी की जांच में लोग पकड़े गए. तब भी पता नहीं किसको बचाने के लिए केस दर्ज नहीं किया गया.

जानकारी के लिए बता दें कि नीट यूजी 2026 का पेपर 3 मई को आयोजित हुआ था. इससे पहले आरोप था कि 2 मई को गेस पेपर के माध्यम से पेपर लीक कर दिया गया.

Leave a Reply