अमित शाह संभालेंगे बंगाल की जिम्मेदारी, असम के पर्यवेक्षक बने जेपी नड्डा, दोनों राज्यों में सरकार बनाने का रास्ता साफ
पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व जीत के बाद अब दोनों राज्यों में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़े फैसले लेते हुए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि नेतृत्व चयन और शपथ ग्रहण की तैयारी अब अंतिम चरण में है.
पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही बीजेपी ने बड़ा रणनीतिक कदम उठाते हुए राज्य की जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपी है. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के चयन और सरकार गठन की पूरी प्रक्रिया उनकी निगरानी में होगी. यह फैसला पार्टी की रणनीतिक मजबूती को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है.
असम में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज
वहीं असम में भी सरकार गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी है, जिससे प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ा दिया गया है.
जेपी नड्डा को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. वह विधायक दल की बैठक में नेतृत्व चयन की पूरी प्रक्रिया को संचालित करेंगे.
नायब सिंह सैनी बने सह-पर्यवेक्षक
इसके साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है. दोनों नेता मिलकर विधायक दल की बैठक में नेता के चयन को अंतिम रूप देंगे और सरकार गठन की राह को आसान बनाएंगे.
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा धन्यवाद
असम के केयर-टेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “जीत के लिए मैं असमवासियों को धन्यवाद करता हूं जनता ने जो पीएम मोदी के ऊपर भरोसा दिखाया इसके हम बहुत आभारी हैं असम में विकास की गंगा बहती रहे इसके लिए भारत सरकार और असम सरकार काम करती रहेगी.”
