‘यूपी का विधानसभा चुनाव सितंबर में करा दें, हम तैयार हैं…’ अखिलेश यादव का बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है. कन्नौज सांसद ने कहा है कि जो लोग नवंबर में चुनाव करवाना चाहते थे, सितंबर में करवा दें. हमलोग तैयार हैं.
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि आज न्याय के लिए लोग कहीं भी भटक लें, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि इस बार बीजेपी को न चंदा मिलेगा, न दान, न चढ़ावा और न ही वोट. उन्होंने कहा कि मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्रीराम हैं और दूसरा नाम संविधान है. उनके मुताबिक पहले आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया और अब संविधान को दबाने का काम हो रहा है, जिससे आस्था, मर्यादा और श्रद्धा तीनों को ठेस पहुंची है.
चोरी बीजेपी की “प्रैक्टिस”- अखिलेश
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चोरी बीजेपी की “प्रैक्टिस” बन चुकी है और इस बार स्वयं प्रभु श्रीराम ने उनकी पोल खोल दी है. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम भी उन्हें माफ नहीं करेंगे.
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम के नाम पर चढ़े चढ़ावे का सही आंकड़ा सामने आए तो रकम बहुत बड़ी हो सकती है, क्योंकि गुप्त दान का भी कोई हिसाब नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अंततः प्रभु श्रीराम ही इसका हिसाब-किताब करेंगे.
अखिलेश यादव ने कहा, थाना-पुलिस भाजपा के इशारों पर काम कर रहे हैं. इस बार भाजपा को चंदा, दान, चढ़ावा और वोट नहीं मिलने वाला है. इन्होंने संविधान, आस्था, मर्यादा और श्रद्धा को डगा दिया है. हमें उम्मीद है कि प्रभु श्री राम के चढ़ावे को लेकर जो चर्चाएं बनी है, वह सच्चाई अभी और बाहर आएगी.
