गाजीपुर कांड पर अखिलेश यादव का हमला: ‘सरकार के इशारे पर हुआ उत्पीड़न’, पीड़ित परिवार को 5 लाख की मदद

गाजीपुर कांड पर अखिलेश यादव का हमला: ‘सरकार के इशारे पर हुआ उत्पीड़न’, पीड़ित परिवार को 5 लाख की मदद

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को गाजीपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सरकार के इशारे पर की गई है, और इसमें भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका है. इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की.

अखिलेश यादव ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि गाजीपुर में जो सपा कार्यकर्ता के साथ जो हुआ, वह सरकार के इशारे पर हुआ है और इसमें सरकारी अधिकारियों और भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही है.

PDA के शोषण का आरोप

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि उनकी पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ खड़ी होकर उन्हें न्याय दिलायें. उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा समुदाय और पार्टी के सहयोग से धन जुटाकर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार को पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा और महिला सभा अध्यक्ष सीमा राजभर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा.

किशोरी का शव गंगा नदी में मिला था

गौरतलब है कि गाजीपुर में 15 अप्रैल को 17 वर्षीय किशोरी का शव गंगा नदी में मिला था. परिजनों ने यौन उत्पीड़न एवं हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है.

सपा प्रतिनिधि मंडल पर हुआ था पथराव

इससे पहले 22 अप्रैल को पीड़िता के परिवार से मिलने गए सपा प्रतिनिधिमंडल पर पथराव हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए. पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. प्रशासन ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू कर दी है और पीड़िता के गांव में किसी के जाने पर रोक लगा दी है.

इस बीच, सरकार ने बयान जारी कर कहा कि कुछ ‘शरारती तत्व’ अपुष्ट अफवाहें फैला रहे हैं और विपक्ष मामले को सनसनीखेज बनाने की कोशिश कर रहा है. सपा मीडिया सेल के ‘एक्स’ हैंडल पर दर्ज प्राथमिकी पर अखिलेश ने कहा, “सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें प्रसारित हो रही हैं. सरकार को इन्हें बनाने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए. हम कुछ पोस्ट करते हैं तो तुरंत प्राथमिकी हो जाती है.”

गाजीपुर पुलिस पर उठाए सवाल

गाजीपुर पुलिस ने कांग्रेस के एक्स हैंडल पर भी प्राथमिकी दर्ज की है. अखिलेश यादव ने इसे ‘चयनात्मक कार्रवाई’ बताते हुए सवाल उठाया कि सपा के खिलाफ सामग्री बनाने वालों को क्यों बख्शा जा रहा है. उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा, “पुलिस क्या छिपा रही है? पोस्टमार्टम रिपोर्ट है, लेकिन लोग संतुष्ट नहीं हैं. क्या सभी पहलुओं की जांच हुई? जहां लड़की मिली, वहां मुश्किल से दो फुट पानी था.”

महिला सुरक्षा पर बीजेपी को घेरा

महिला सुरक्षा पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि “भाजपा की सरकार बनने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं. मुख्यमंत्री यहां नहीं रहते, सभी वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ चले जाते हैं. इसलिए अपराध बढ़ रहे हैं. महिला सुरक्षा के दावे खोखले हैं.” प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया.

Leave a Reply