‘न बिजली जले, न पंखा चले…’, यूपी में बिजली कटौती को लेकर अखिलेश यादव ने लिखा गीत
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली की कटौती से लोग बुरी तरह परेशान हैं. जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के राज में बिजली ख़ुद गर्मियों की छुट्टी पर चली गई है. न बत्ती जल रही है और ना ही पंखा चल रहा है.
बिजली कटौती पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बिजली कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा. उन्होंने बिजली कटौती पर एक गीत के जरिए निशाना साधा और लोगों की परेशानी का जिक्र किया. सपा मुखिया ने लिखा-
‘भाजपा राज में ‘गर्मी की छुट्टी’ गीत!
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले
पानी के नाम पर पसीना बहे
यूपी की जनता अब किस से कहे
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले
बातों से सपना सबको दिखे
लेकिन हक़ीक़त में दुख ही मिले
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले
सब-टेसन पर पीएसी पहरा करे
जनता के सवालों से नेता डरे
चिट्ठी लिख-लिख अपनी बातें कहे
यूपी की जनता अब किस से कहे
न बिजली जले, न पंखा चले
गर्मी में जनता दिन-रात जले’
यूपी में बिजली कटौती से परेशान लोग
बता दें कि यूपी में इन दिनों नोएडा, कानपुर, पीलीभीत समेत कई जिलों से बिजली कटौती की खबरें आ रही हैं. बीते दिनों कई जगहों पर बिजली कटौती को लेकर लोगों ने सड़कों प्रदर्शन भी किया है. पीलीभीत में तो 15-15 घंटों की बिजली कटौती देखने को मिल रही हैं. इस बीच योगी सरकार के मंत्री संजय गंगवार को भी वीडियो सामने आया है, जिमसें उन्होंने माना कि बीते 9 सालों में ऐसी बिजली कटौती कभी नहीं हुई.
वहीं दूसरी तरफ़ सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं. जल्द से जल्द सारी कमियों को दूर कर लोगों को बिजली उपलब्ध कराने का आदेश दिया.
