बहराइच में फूंका था पुतला, जला चेहरा, अस्पताल में भर्ती बीजेपी नेता का हाल जानने पहुंचे अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को मेदांता पहुंचकर अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली. दरअसल, बीजेपी के महिला नेता अनुपमा जायसवाल पिछले दिनों बहराइच में अखिलेश यादव का पुतला जलाते वक्त आग में झुलस गईं थीं, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
अनुपमा जायसवाल भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं पिछले कार्यकाल में मंत्री थीं. अनुपमा नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा संशोधन ना पास हो पाने के बाद विरोध करते हुए अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंक रहीं थीं, उसी दौरान उनका चेहरा झुलस गया.
सद्भाव बना रहे- अखिलेश यादव
वहीं अस्पताल की तस्वीर शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले. हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो. हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है. इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आए हैं. राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह. सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!”
