PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में अजय राय की सफाई, वीडियो को बताया AI जेनरेटेड

PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में अजय राय की सफाई, वीडियो को बताया AI जेनरेटेड
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं, अजय राय के खिलाफ यूपी के महोबा में आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ है. यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप दर्ज हुआ है. अब मुकदमा दर्ज होने के बाद यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने गाली वाली वीडियो को एआई जेनरेटेड बताया है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने महोबा की घटना का जिक्र किया है. अजय राय ने मांग की है कि महोबा में दलित बच्ची का 16 दिनों तक रेप किया गया सरकार उसे न्याय दे. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरे ऊपर एक नहीं सौ मुकदमे लगा दें मैं तैयार हूं. इसके अलावा अजय राय ने कहा कि हम यूपी की 403 विधानसभा पर तैयारी कर रहे हैं.

अजय राय पर कोतवाली पुलिस में दर्ज हुआ मुकदमा

दरअसल, महोबा के समदनगर मोहल्ले में नीट छात्रा से मिलने आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ अब कानूनी शिकंजा कस गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली देने के मामले में शहर कोतवाली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह अहिरवार और उनके 25 से 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. बीजेपी जिला कार्यसमिति के सदस्य अधिवक्ता नीरज रावत की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है.

शिकायतकर्ता नीरज रावत द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 22 मई 2026 को बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के समदनगर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. तहरीर में साफ तौर पर कहा गया है कि इस कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद अश्लील और अभद्र टिप्पणी की, साथ ही उन्हें गाली भी दी. इस अमर्यादित कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

भाजपा नेताओं का आरोप है कि इस वीडियो से समाज में जातिगत विद्वेष और आम जनता में भारी आक्रोश फैल गया है. शिकायतकर्ता ने साक्ष्य के तौर पर वायरल वीडियो को पेनड्राइव में संलग्न कर पुलिस को सौंपा है. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

पुलिस कर रही मामले में आगे की कार्रवाई

एएसपी वंदना सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया का वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा अपने समर्थकों के साथ विधि विरुद्ध जमाव करते हुए सरकारी कर में बाधा उत्पन्न की गई. इसके साथ ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अशोभनीय अभद्र टिप्पणी भी की. उक्त वीडियो के सन्दर्भ में कोतवाली महोबा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. उक्त प्रकरण में नियम अनुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.

Leave a Reply