सुभाष सपरा पुनः बने पीएनबीआरई के सहारनपुर अध्यक्ष
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक रिटायरीज एसोसिएशन (पीएनबीआरई) की कार्यकारिणी बैठक में सुभाष सपरा को पुनः सहारनपुर का अध्यक्ष चुना गया। दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में चुनाव प्रभारी कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
नई कार्यकारिणी में अरुण गर्ग, एस.के. लूथरा, रतिराम गौतम, अशोक जैन, योगेश लूथरा, सेवाराम शर्मा, मुकेश गर्ग, मनिराम, धरम पाल, अर्जुन मेहता, एस.के. पाठक, एस.के. अरोड़ा, नेकीराम, विधु शेखर शर्मा, जुशील कुमार और अशोक मरवाहा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुभाष सपरा का फूलमालाओं से स्वागत करते हुए संस्था का पटका पहनाकर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
सुभाष सपरा ने कहा कि पीएनबीआरए पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की देश की प्रमुख संस्थाओं में शामिल है। संस्था अपने सदस्यों के साथ-साथ देशभर के वरिष्ठ नागरिकों के हित और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्था के सदस्यों की संख्या तीन लाख से अधिक हो चुकी है और चपरासी से लेकर जनरल मैनेजर स्तर तक के सेवानिवृत्त कर्मचारी इसके सदस्य हैं।
इस अवसर पर भृगुकुल कमल, वाई.के. गुप्ता और अमृत लाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
