तीनों जनपदों की सुरक्षा व्यवस्था की डीआईजी ने आनलाइन की समीक्षा

तीनों जनपदों की सुरक्षा व्यवस्था की डीआईजी ने आनलाइन की समीक्षा
सहारनपुर में आॅनलाईन समीक्षा करते डीआईजी अभिषेक सिंह।

कांवड़ यात्रा-2026 सोशल मीडिया पर फेक नैरेटिव फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने बुधवार को परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं सोशल मीडिया सेल प्रभारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक सूचना पर सतर्क एवं सक्रिय निगरानी रखी जाए। उन्होंने मुख्यालय द्वारा संचालित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सॉफ्टवेयर मैट्रिक्सष् का प्रभावी एवं निरंतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की फर्जी सूचना, भ्रामक पोस्ट, अफवाह अथवा दुष्प्रचार सामने आने पर उसका तत्काल सत्यापन कर बल्क रिप्लाई के माध्यम से तथ्यात्मक खंडन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। डीआईजी अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सोशल मीडिया सेल प्रभारियों से कहा कि मैट्रिक्स के माध्यम से प्राप्त पोस्ट, शिकायतों, सुझावों एवं आमजन द्वारा साझा की गई सूचनाओं पर समयबद्ध और तथ्यपरक जवाब दिया जाए तथा आवश्यकतानुसार संबंधित जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।