मस्जिद विवाद राजनीतिक षड्यंत्र है मस्जिद विवाद: इमरान मसूद

मस्जिद विवाद राजनीतिक षड्यंत्र है मस्जिद विवाद: इमरान मसूद
सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस सांसद इमरान मसूद।

कांग्रेस कानूनी लड़ाई में साथ देगी: कांग्रेस सांसद

कांवड़ यात्रा में हिंदू-मुस्लिम मिलकर करेंगे सेवा, सहारनपुर का भाईचारा नहीं बिगड़ने देंगे

सहारनपुर। जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नें सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मस्जिद का मामला पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है और इसके माध्यम से शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। शनिवार को अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में इमरान मसूद ने कहा कि संबंधित मस्जिद के वर्ष 1911 से अब तक के अभिलेख, नगर निगम के रिकॉर्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। इतने वर्षों में कभी भी मस्जिद की वैधता पर सवाल नहीं उठाया गया, लेकिन अब एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पूरे मामले को तूल दिया जा रहा है, जबकि शिकायत का कोई ठोस आधार नहीं है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का तर्क भी निराधार है। वर्षों से मस्जिद और जिला कलेक्ट्रेट साथ-साथ मौजूद हैं तथा आज तक वहां किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं हुई। लोग मस्जिद में केवल इबादत के लिए आते हैं। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मस्जिद कमेटी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और कांग्रेस पार्टी इस कानूनी लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंदिर हो या मस्जिद, हर मामले में न्याय और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई करता है तो समान नियम अन्य धार्मिक स्थलों पर भी लागू होने चाहिए। ऐसी स्थिति में मंदिर के पक्ष में भी वह आवाज उठाएंगे।

इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि क्या अब लोगों को मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़े लोगों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं और वे जिला न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मंदिर-मस्जिद की राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है, लेकिन सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समाज मिलकर कांवड़ियों की सेवा करेंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शहर में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र तनेजा, हमजा मसूद, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, चेयरमैन इसरार चैधरी, रईस मलिक, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष-संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, जिला उपाध्यक्षगण सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू व अक्षय चैधरी, डॉ अमीर अहमद, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।