ये लड़का तबाही मचाने आया है…वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू से पहले ऐलान, सोशल मीडिया पोस्ट से सनसनी
इस समय क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी चर्चा यही है कि क्या युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा. सिर्फ 15 साल की उम्र में इस बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बैटिंग से ऐसा असर छोड़ा कि चयनकर्ताओं को उन्हें टीम में शामिल करना पड़ा. शुक्रवार से बेलफास्ट में शुरू होने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम नए दौर की शुरुआत करने जा रही है.
वर्ल्ड चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है. वहीं कोच गौतम गंभीर के सामने सबसे बड़ा सवाल प्लेइंग इलेवन को लेकर है. क्या वह वैभव को पहले ही मैच में मौका देंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. अपने संभावित डेब्यू से पहले इस युवा बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट किया जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया.
भारत एक नए टी20 युग की शुरुआत के करीब है और उसके केंद्र में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं. उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 से पहले सोशल मीडिया पर सिर्फ दो शब्द लिखे, ‘नया अध्याय.’ इसके बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई.
इस खिलाड़ी ने इंटरनेशनल डेब्यू से पहले ही अपनी बल्लेबाजी से दुनिया का ध्यान खींच लिया है. 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया था. इसके बाद आईपीएल 2026 में उन्होंने 778 रन बनाकर साबित कर दिया कि वह सिर्फ सुर्खियों का हिस्सा नहीं, बल्कि भविष्य के बड़े सितारे हैं. सीजन के अंत में उन्होंने पांच व्यक्तिगत अवॉर्ड भी अपने नाम किए.
