विभिन्न दलों व सामाजिक संगठनों के 50 युवाओं ने थामा भाजपा का दामन
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मजबूती को उस समय और बल मिला, जब सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में युवाओं ने भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने किया।
भाजपा नेता जयराम गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान दलित छात्रों की छात्रवृत्ति वितरण में भेदभाव किया गया तथा दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दलित समाज ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर विश्वास जताते हुए लगातार दो विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रदेश की सत्ता सौंपी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को पुनः समर्थन देकर तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर देगी। इस अवसर पर निशांत गागलहेड़ी, जीतू सिंह हरियाबांस, सिद्धार्थ उग्राहू, अभिषेक, जोनी कैलाशपुर, मोनू सहित सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
