3 गैंगस्टर्स को मलेशिया से लाया गया भारत, अमित शाह बोले- बंबीहा गैंग से जुड़े हैं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को तीन भगौड़े गैंगस्टर्स को भारत में वापस लाए जाने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि ये तीन भगौड़े गैंगस्टर बंबीहा गैंग से जुड़े हैं, जिन्हें भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में पकड़ा और उनके भारत प्रत्यर्पण के बाद तीनों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
उन्होंने भारतीय एजेंसियों की तरफ से कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके सुरक्षित और संरक्षित भारत के विजन की सराहना भी की.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तीनों अपराधियों की दी जानकारी
गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय (HMO India) ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें मंत्रालय में तीनों फरार भारतीय गैंगस्टरों के नाम की जानकारी दी है. मंत्रालय ने कहा, ‘ये फरार अपराधी- जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह- बंबीहा गैंग से जुड़े हैं. इन तीनों पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ पंजाब के लुधियाना में नाकाम किए गए ग्रेनेड हमले समेत कई अन्य अपराधों के आरोप हैं.’
पोस्ट में कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और संरक्षित भारत के विजन के तहत, हमारी एजेंसियों ने अकेले ही इस साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी करने में सफलता हासिल की है.’
