सिखों पर हमले की निंदा, की आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

सिखों पर हमले की निंदा, की आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
  • सहारनपुर में चिकित्सालय में उपचार कराते घायल सिख समाज के युवक।

सहारनपुर। तहलेड़ी के पास मामूली मोटरसाइकिल टक्कर के बाद निहंग सिख हरकीरत सिंह और उनके भाई प्रभजोत सिंह निवासी नकुड़ पर हुए कथित जानलेवा हमले को लेकर सिख समाज में रोष व्याप्त है। समाज के प्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात 15 से 20 युवकों द्वारा हरकीरत सिंह और प्रभजोत सिंह पर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ितों की ओर से देवबंद थाने में तहरीर देकर मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन आरोप है कि अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घायलों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सहारनपुर के एसबीडी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां सिख समाज के लोग भी पहुंचे और आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई। चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के चलते दोनों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। बताया गया है कि एक पीड़ित के हाथ की हड्डी टूट गई है तथा सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। सामाजिक कार्यकर्ता टिंकू अरोड़ा ने कहा कि निहंग सिखों पर हमला केवल दो व्यक्तियों पर हमला नहीं, बल्कि सिख समाज की आत्मा पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सिख समाज शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होगा। सिंह वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष स. मनजोत सिंह ने कहा कि सिख समाज पर लगातार हो रहे हमले चिंताजनक हैं और उनकी घोर निंदा की जानी चाहिए। इस अवसर पर स. साहब सिंह, सरदार गिन्नी सिंह, सरदार भगत सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार गुरप्रीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply