फोन टैपिंग पर कांग्रेस बोली, ‘राहुल गांधी ही नहीं आमजन भी निशाने पर’, बीजेपी का पलटवार

फोन टैपिंग पर कांग्रेस बोली, ‘राहुल गांधी ही नहीं आमजन भी निशाने पर’, बीजेपी का पलटवार

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का फोन टैप किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ राहुल गांधी का फोन ही नहीं, बल्कि आमजन का  व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और टिंडर या ग्राइंडर जैसे डेटिंग ऐप्स भी टैप किए जा रहे हो सकते हैं.

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि सरकार मेरा फोन टैप कर रही है. इसलिए उन्हें पता है कि मेरे फोन में सरकार के खिलाफ सारे सबूत मौजूद हैं.

फोन टैपिंग का इल्जाम लगाते हुए पवन खेड़ा ने 3 ऐसी घटनाएं गिनाईं जिससे फोन टैपिंग करने का संदेह है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि “इन तथ्यों पर गौर करें:-

  • गृह मंत्री ने खुद ‘मेक इन इंडिया’ की शर्तों में छूट देने को मंजूरी दी, ताकि एजेंसियां ​​इजरायल की ‘सेलेब्राइट’ (Cellebrite) जैसी विदेशी फोन-क्रैकिंग तकनीक खरीद सकें.
  • दिल्ली पुलिस ने एक ऐसा ‘ऑल-इन-वन’ सर्विलांस टूल मांगा, जो गूगल, एप्पल, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, डिस्कॉर्ड, टिंडर, ग्राइंडर, ओकेक्यूपिड, स्लैक और ओनलीफैन्स जैसे 100 से ज्यादा क्लाउड प्लेटफॉर्म्स और सेवाओं तक पहुंच बना सके.
  • 2019 में भारतीय पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए ‘पेगासस’ (Pegasus) स्पाइवेयर का इस्तेमाल किया गया था. बाद में एमनेस्टी इंटरनेशनल ने पुष्टि की कि पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन और आनंद मंगनाले के फोन में यह स्पाइवेयर मौजूद था.”

सरकार राहुल गांधी से सबसे ज्यादा डरती है

आगे पवन खेड़ा ने लिखा कि “जरा सोचिए, सरकार एजेंसियों को ऐसी तकनीक हासिल करने में मदद कर रही है, जिससे वे बड़े पैमाने पर लोगों की जासूसी कर सकें. फोन के अंदर घुस सकें. क्लाउड सेवाओं तक पहुंच बना सकें और अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख सकें. क्या हमें यह मान लेना चाहिए कि जिस व्यक्ति से सरकार सबसे ज्यादा डरती है, यानी विपक्ष के नेता, उनका फोन किसी तरह सरकार की पहुंच से बाहर है? यह तो किसी मजाक जैसा लगता है.”

बीजेपी का पलटवार

राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों का जवाब देते हुए केरल बीजेपी प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि “राहुल गांधी से मैं पूरे सम्मान के साथ बस यही कह सकता हूं कि उन्हें अपना दिमाग चेक करवाना चाहिए. किसी को भी उनका फोन टैप करने में कोई दिलचस्पी नहीं है. अगर किसी को कोई दिलचस्पी है भी, तो बस यह समझने में कि उनका दिमाग हर दिन सिर्फ झूठ ही क्यों बोलता है.”